रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Raipur : महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक बार फिर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को 8 दिन की रिमांड पर गहन पूछताछ के बाद अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। सौरभ से हुई पूछताछ के आधार पर अब सीबीआई ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए ताबड़तोड़ छापेमारियां शुरू कर दी हैं।
इसी कड़ी में सीबीआई की एक विशेष टीम ने रायपुर के पॉश इलाके समता कॉलोनी स्थित मोहित सोमानी के आवास पर अचानक दबिश दी। टीम ने घर के अंदर पहुंचकर काफी देर तक दस्तावेजों और अन्य सबूतों की बारीकी से जांच-पड़ताल की और इसके बाद वहां से रवाना हुई, हालांकि जांच एजेंसियों ने अभी तक इस छापेमारी का आधिकारिक ब्यौरा साझा नहीं किया है।
आने वाले दिनों में और भी हो सकती हैं बड़ी छापेमारी
Raipur सीबीआई द्वारा जिस तेजी से यह कार्रवाई की जा रही है, उससे साफ संकेत मिलते हैं कि आने वाले दिनों में कई और ठिकानों पर छापे पड़ सकते हैं। माना जा रहा है कि सौरभ चंद्राकर से रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में ऑनलाइन सट्टे के इस बड़े नेटवर्क से जुड़े कई अहम और चौंकाने वाले राज खुले हैं। इसी इनपुट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इस विशाल आर्थिक अपराध और घोटाले के पीछे किन-किन लोगों ने साथ दिया, हवाला का पैसा कहां से कहां ट्रांसफर होता था और पूरा नेटवर्क कैसे संचालित होता था, इन तमाम बिंदुओं पर शिकंजा कसा जा रहा है। सीबीआई अब इस अवैध सिंडिकेट की एक-एक कड़ी को आपस में जोड़ने में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों और जांच एजेंसियों पर भी टिकी निगाहें
Raipur महादेव सट्टा ऐप मामले में शुरुआत से ही मोटी प्रोटेक्शन मनी लेकर आरोपियों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगते रहे हैं। हालांकि ऑनलाइन सट्टा कारोबार को लेकर पूर्व में कई गिरफ्तारियां जरूर हुईं, लेकिन बड़े पुलिस अधिकारियों या रसूखदार चेहरों पर वैसी बड़ी कार्रवाई देखने को नहीं मिली जिसकी उम्मीद थी।
चर्चा तो यह भी है कि कुछ जांच एजेंसियों ने आरोपियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई नहीं की, जिसकी शिकायतें उच्चाधिकारियों तक पहुंची थीं। अब इस ताजा घटनाक्रम के बाद माना जा रहा है कि बड़ी जांच एजेंसियों और पुलिस विभाग के भीतर भी कई ऐसे संदिग्ध चेहरे हैं, जो केंद्रीय एजेंसी के रडार पर आ सकते हैं और जिन पर आने वाले समय में गाज गिर सकती है।
सौरभ चंद्राकर के खुलासों से मची खलबली
Raipur सूत्रों का यह भी मानना है कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान जो नए नाम सामने आए हैं, उनमें कई सफेदपोशों के अलावा पुलिस और विभिन्न जांच एजेंसियों से जुड़े अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं। सीबीआई की इस आक्रामक कार्रवाई के बाद एक बार फिर से राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भारी हलचल तेज हो गई है। जिस प्रकार से कड़ियों को जोड़ा जा रहा है, उसे देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल सट्टा स्कैम में कई अन्य बड़े और प्रभावशाली नामों पर भी शिकंजा कसा जा सकता है।
ये भी पढे: शेखपुरा में संस्कृति और उल्लास का प्रतीक ‘भास्कर महोत्सव’ का हुआ भव्य आगाज

