KorbaKorba
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Korba : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले अंतर्गत कटघोरा वनमंडल में इन दिनों हाथियों के दहशत का माहौल है। गणेशोत्सव के दौरान एनएच-130 पर चोटिया डंप एरिया के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अकेला (लोनर) हाथी मुख्य सड़क पर आ धमका। इस दौरान जान जोखिम में डालकर मोबाइल से वीडियो बना रहे लोगों पर हाथी ने अचानक हमलावर रुख अपना लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

वीडियो बना रहे लोगों पर भड़का हाथी, भगदड़ में बची जान

Korba राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाथी की मौजूदगी की खबर मिलते ही राहगीरों और स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया। कई उत्साही युवक वन्यजीव के काफी करीब जाकर मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो बनाने लगे। इंसानी दखल और भीड़ से बिफरे लोनर हाथी ने आक्रामक होकर लोगों को दौड़ा लिया। गनीमत रही कि समय रहते लोग भागने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

केंदई रेंज में 32 हाथियों का डेरा, डेढ़ दर्जन किसानों की फसल तबाह

Korba कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में 32 हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीण बेहद खौफजदा हैं। वर्तमान में 26 हाथी कापानवापारा, पांच लालपुर और एक लोनर हाथी चोटिया इलाके में विचरण कर रहा है। बीती रात कापानवापारा और लालपुर में सक्रिय हाथियों के झुंड ने जमकर तबाही मचाई। दल ने करीब 18 किसानों की लहलहाती धान की फसल को रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। पीड़ित किसानों ने वन विभाग से तुरंत मुआवजा देने और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।

एतमानगर में भी लोनर हाथी का उत्पात, वन विभाग अलर्ट मोड पर

Korba दूसरी ओर, एतमानगर रेंज के रिंगनिया में भी एक लोनर हाथी ने छह ग्रामीणों के खेतों में घुसकर फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा गुरसियां सर्किल के ठाढ़पखना में मौजूद 18 हाथियों के दल ने अपनी लोकेशन बदल ली है और अब वे बंजारी के सलिहाभाठा क्षेत्र में देखे गए हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और ‘हाथी मित्र दल’ मौके पर तैनात हो गए हैं। विभाग हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रहा है ताकि किसी भी तरह के जन-धन के नुकसान को रोका जा सके।

ये भी पढ़े: शिक्षा क्षेत्र में मुरैना की बड़ी उपलब्धि: प्रधानाचार्य किशन सिंह परमार को मिलेगा ‘वैश्विक शिक्षक रत्न अवॉर्ड’