प्रताप सिंह बघेल
Porsa : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा कस्बे में राजस्व और खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक संयुक्त और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए पचौरी पुरा इलाके में आधी रात को औचक छापामार कार्रवाई की। इस दौरान एक घर से करीब सवा तीन लाख रुपये कीमत का 2.4 टन (2,400 किलोग्राम) ‘सॉर्बिटोल’ (Sorbitol) केमिकल बरामद किया गया है। भारी मात्रा में अवैध रूप से केमिकल मिलने के बाद प्रशासन ने उसे जब्त कर संबंधित कमरे को सील कर दिया है।
आधी रात को दबिश, ड्रमों में छिपाकर रखा गया था केमिकल
Porsa जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर केमिकल से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसके बाद तहसीलदार ने स्थानीय प्रशासन की टीम के साथ पचौरी पुरा स्थित रामकिशोर पचौरी के घर पर आधी रात को दबिश दी। जब घर की तलाशी ली गई, तो वहां सॉर्बिटोल केमिकल से भरे हुए 8 बड़े ड्रम और 3 खाली ड्रम बरामद किए गए। प्रत्येक ड्रम में लगभग 300 किलोग्राम केमिकल भरा हुआ था। इस प्रकार कुल 2,400 किलोग्राम केमिकल मौके से जब्त किया गया, जिसकी कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 3.25 लाख रुपये आंकी गई है।
सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए, सप्लाई को लेकर संशय
Porsa कार्रवाई के अगले ही दिन दोपहर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर केमिकल के नमूने (Samples) एकत्र किए और उन्हें गुणवत्ता एवं मानक जांच के लिए प्रयोगशाला (भोपाल) भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस केमिकल की वास्तविक प्रकृति और इसके उपयोग के मानकों का खुलासा हो सकेगा। प्रारंभिक पूछताछ और जानकारी के अनुसार, यह केमिकल ग्वालियर से लाकर पोरसा क्षेत्र में खपाया जा रहा था। हालांकि, स्थानीय स्तर पर इतनी बड़ी मात्रा में सॉर्बिटोल की खपत करने वाली किसी बड़ी दवा, कॉस्मेटिक या खाद्य उत्पाद इकाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
सप्लाई नेटवर्क और उपयोग के उद्देश्य की जांच जारी
Porsa एक साथ ढाई टन से अधिक केमिकल की बरामदगी के बाद इसके भंडारण और खरीद-फरोख्त पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि आखिर इस केमिकल को कहां से खरीदा गया था और इसे पोरसा में किस उद्देश्य से और किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस पूरे अवैध सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों और खुलासों सामने आने की उम्मीद है।

