GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Gwalior : शहर के हजीरा थाना क्षेत्र स्थित अवंतिका गैस परिसर में बुधवार देर शाम उस समय हलचल तेज हो गई, जब अचानक हवाई हमले और बम विस्फोट की चेतावनी जारी की गई। परिसर में सीएनजी वाहन में आग लगने, कर्मियों के जख्मी होने और आसपास के हिस्से में बिजली गुल होने की सूचना मिलते ही सुरक्षा और राहत एजेंसियां हरकत में आ गईं। देखते ही देखते बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड और चिकित्सा दल घटनास्थल पर पहुंच गए और मोर्चा संभाल लिया। हालांकि, बाद में स्पष्ट हुआ कि यह कोई वास्तविक दुर्घटना नहीं, बल्कि जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन की तैयारियों को जांचने के लिए आयोजित एक मॉक ड्रिल थी।

गृह मंत्रालय और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर हुआ आयोजन

Gwalior ट्रिपल आईटीएम के सामने स्थित अवंतिका गैस परिसर में यह संयुक्त अभ्यास भारत सरकार के गृह मंत्रालय तथा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत संपन्न कराया गया। अभ्यास के लिए परिसर में एयर स्ट्राइक और विस्फोट जैसी काल्पनिक परिस्थितियां निर्मित की गईं। जैसे ही आपदा चेतावनी का सायरन गूंजा, स्थानीय पुलिस, नगर निगम, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और गैस संयंत्र की आंतरिक सुरक्षा टीमों ने तत्काल समन्वय के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभाल लीं।

संदिग्ध विस्फोटक को किया निष्क्रिय और आग पर पाया काबू

Gwalior मॉक ड्रिल के दौरान बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की सघन जांच की और एक संदिग्ध बम की पहचान कर उसे निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप निष्क्रिय करने का प्रदर्शन किया। इसके समानांतर, सीएनजी से भरे एक वाहन में आग लगने के दृश्य पर नगर निगम के दमकल कर्मियों और एसडीआरएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए लपटों को बुझाने का अभ्यास किया। वहीं, चिकित्सकीय दल ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल कर्मियों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजने की प्रक्रिया पूरी की।

शर्मा फॉर्म क्षेत्र में ब्लैकआउट कर परखा गया विभागीय समन्वय

Gwalior आपातकालीन हालातों में नागरिक सुरक्षा और अंधेरे में बचाव कार्यों की दक्षता जांचने के लिए समीपवर्ती शर्मा फॉर्म इलाके की बस्तियों में सांकेतिक ब्लैकआउट भी लागू किया गया। इस संपूर्ण अभ्यास का मुख्य लक्ष्य किसी भी बड़े संकट, विस्फोट या आगजनी की स्थिति में विभिन्न सरकारी महकमों के बीच आपसी तालमेल, संसाधनों की उपलब्धता और प्रतिक्रिया समय का आकलन करना था, ताकि वास्तविक आपदा के समय जान-माल के नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।

ये भी पढ़े: क्या ‘युवा वर्ष 2027’ और दो लाख भर्तियों के वादे से Gen Z का भरोसा जीत पाएगी बीजेपी? MP में युवाओं को तोहफा या सियासी दांव