रिपोर्टर: रंजीत सिंह
Bhopal : मध्यप्रदेश में आगामी वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने और दो वर्ष के भीतर दो लाख शासकीय पदों पर भर्ती करने की राज्य सरकार की घोषणा ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। एक ओर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी इसे युवाओं के भविष्य को संवारने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम बता रही है, तो वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस इसे महज आंकड़ों की बाजीगरी और चुनावी रणनीति करार दे रहा है। वर्ष 2028 में होने वाले विधानसभा चुनावों से ठीक पहले युवा मतदाताओं को साधने के लिए दोनों प्रमुख दलों की नजर अब इस भर्ती अभियान पर टिक गई है।
Gen Z की नाराजगी और युवा मतदाताओं को साधने की कवायद
Bhopal हाल के समय में सामने आए युवा आंदोलनों और रोजगार को लेकर युवाओं के असंतोष ने राजनीतिक दलों को अपनी रणनीति पर पुनर्विचार करने के लिए विवश किया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरकार को यह स्पष्ट संदेश मिल चुका है कि केवल अन्य वर्गों की योजनाओं के सहारे चुनावी वैतरणी पार नहीं की जा सकती, बल्कि जाति और धर्म से ऊपर उठकर युवाओं के रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों का समाधान करना आवश्यक है। इसी पृष्ठभूमि में राज्य सरकार ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित कर मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने और बड़े पैमाने पर रिक्तियां भरने का रोडमैप तैयार किया है।
2027 का परीक्षा कैलेंडर और कांग्रेस के गंभीर आरोप
Bhopal लोक सेवा आयोग द्वारा जारी आगामी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, 24 जनवरी को राज्य सेवा और राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा, 14 फरवरी को राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा, 7 मार्च को राज्य पात्रता परीक्षा (SET), 18 अप्रैल को पशु चिकित्सा सहायक व सहायक लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा, 25 अप्रैल को राज्य वन सेवा तथा 2 मई को राज्य सेवा विशेष प्रारंभिक परीक्षा प्रस्तावित है।
इसके अतिरिक्त असिस्टेंट प्रोफेसर, सहायक कुलसचिव, खनिज निरीक्षक और लाइब्रेरियन जैसी कई परीक्षाएं लगातार दूसरे या तीसरे वर्ष आयोजित होने जा रही हैं। हालांकि, कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा ने इन आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि सरकार ने नए पद सृजित करने के बजाय पिछली 25 परीक्षाओं के 15 से 25 प्रतिशत तक खाली रह गए बैकलॉग पदों और पूर्व में निरस्त हुई आयुर्वेदिक व यूनानी चिकित्सा अधिकारी जैसी भर्तियों को जोड़कर बड़ी संख्या दिखाने का प्रयास किया है।
परीक्षाओं से घटती उपस्थिति और 2028 के चुनावों पर असर
Bhopal विपक्ष का यह भी तर्क है कि अदालती विवादों, 87-13 प्रतिशत के फॉर्मूले और प्रक्रियागत देरी के कारण अभ्यर्थियों का भरोसा कमजोर हुआ है, जिसका प्रमाण हालिया परीक्षाओं में कम उपस्थिति है। उदाहरण के तौर पर, वैज्ञानिक अधिकारी परीक्षा में पंजीकृत 14 हजार अभ्यर्थियों में से केवल 5,180 (लगभग 37 प्रतिशत) तथा सहायक प्राध्यापक परीक्षा में 5,710 में से महज 2,284 उम्मीदवार ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे।
चूंकि वर्ष 2028 में विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए सरकार के सामने इस भर्ती कैलेंडर को समय पर और पारदर्शी तरीके से पूरा करने की बड़ी चुनौती है। यदि घोषित पदों पर समयबद्ध नियुक्तियां होती हैं, तो बीजेपी को युवा वर्ग और उनके परिवारों का समर्थन मिल सकता है, जबकि किसी भी प्रकार की चूक विपक्ष को सरकार के खिलाफ एक मजबूत चुनावी मुद्दा सौंप देगी।
ये भी पढ़े: मुरैना में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, आपस में टकराए पांच वाहन

