रिपोर्टर: शुभम कुमार
Patna Snakes In Mud House : बिहार की राजधानी पटना से सटे एक गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कच्चे मकान के भीतर से एक-दो नहीं बल्कि 40 से ज्यादा जहरीले गेहुअन सांप (Indian Cobra) बरामद हुए। मानसून की शुरुआत के साथ ही मिट्टी की दीवारों के भीतर सांपों का यह कुनबा पनाह लिए हुए था। गनीमत यह रही कि इस भारी तादाद के बावजूद सांपों ने घर के किसी भी सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इलाके के ग्रामीणों में खौफ का माहौल है।
Patna Snakes In Mud House सोते समय अचानक नजर आया कोबरा
यह चौंकाने वाला मामला पटना के पुनपुन प्रखंड के अंतर्गत आने वाले समकुड़ा गांव का है। यहाँ शंभू प्रसाद अपने परिवार के साथ एक मिट्टी के मकान में रहते हैं। शंभू के बेटे बंटी कुमार ने बताया कि तीन दिन पहले रात में सोते समय अचानक उनकी नजर एक सांप पर पड़ी। थोड़ी ही देर में घर के अलग-अलग कोनों से तीन और सांप रेंगते हुए दिखाई दिए। लगातार सांप निकलने से पूरा परिवार खौफजदा हो गया। शुरुआत में ग्रामीणों की मदद से कुछ सांपों को मार दिया गया, लेकिन जब खतरा कम नहीं हुआ तो परिवार ने सपेरे को बुलाने का फैसला किया।
Patna Snakes In Mud House सपेरे ने कबाड़ा सांपों का कुनबा, डिब्बे में किया बंद
मौके पर पहुंचे सपेरे ने जब घर के कोनों और मिट्टी की खोखली हो चुकी दीवारों की बारीकी से पड़ताल की, तो वहां का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। दीवारों के भीतर से एक के बाद एक कई छोटे-बड़े सांप और उनके बच्चे निकलने लगे। देखते ही देखते सपेरे ने 40 से अधिक गेहुअन सांपों को ढूंढ निकाला। सपेरे ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी सांपों और उनके सपेरों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर दिया, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
Patna Snakes In Mud House गांव में फैली सनसनी, लोगों ने शुरू की खपरैल घरों की सफाई
एक ही घर से इतनी बड़ी संख्या में कोबरा सांप मिलने की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। आस-पास के गांवों के लोग इस नजारे को अपनी आंखों से देखने के लिए शंभू प्रसाद के घर जमा हो गए। इस घटना के बाद से पूरे गांव में खौफ का माहौल है। बरसात के मौसम में ऐसी किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अब ग्रामीणों ने खुद ही अपने-अपने कच्चे और खपरैल मकानों की सघन साफ-सफाई और कीटनाशकों का छिड़काव शुरू कर दिया है। लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर इतने चिंतित हैं कि रात में जागकर पहरा दे रहे हैं।
क्या है गेहुअन सांप? गेहुअन को ‘भारतीय नाग’ या ‘स्पेक्टेकल्ड कोबरा’ (Spectacled Cobra) भी कहा जाता है। यह भारत की चार सबसे जहरीली सांपों की प्रजातियों में से एक है। इसके फन के पीछे चश्मे जैसी आकृति बनी होती है, जो इसकी मुख्य पहचान है। इसका काटना जानलेवा होता है।

