Report by: Athar Khan
Patna : बिहार की राजनीति में आज का दिन बड़े बदलावों का साक्षी रहा। एक ओर जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक कर विदाई के संकेत दिए, वहीं दूसरी ओर मुंगेर के लाल और वर्तमान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अगले मुख्यमंत्री के रूप में देखे जाने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।
Patna नीतीश कैबिनेट की अंतिम बैठक: भावुक हुए मंत्री और अधिकारी
पटना के सचिवालय में आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की अंतिम बैठक संपन्न हुई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिए गए, लेकिन बैठक का माहौल पूरी तरह भावनात्मक रहा। बैठक के समापन के बाद मुख्यमंत्री ने अपने सभी सहयोगी मंत्रियों और राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग-अलग ग्रुप फोटोग्राफी कराई। इसके बाद नीतीश कुमार हाथ जोड़कर सबका अभिवादन करते हुए सचिवालय से विदा हुए। इस मौके पर सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और अशोक चौधरी समेत तमाम दिग्गज मौजूद रहे।
Patna सम्राट चौधरी का नाम चर्चा में: पैतृक गांव लखनपुर में जश्न
जैसे ही पटना के गलियारों से सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की संभावनाएं प्रबल हुईं, मुंगेर जिले के तारापुर स्थित उनके पैतृक गांव लखनपुर में दिवाली जैसा माहौल हो गया। गांव के युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई अपने ‘मिट्टी के लाल’ को सूबे की कमान संभालते देखने के लिए उत्साहित है। ग्रामीणों का कहना है कि सम्राट चौधरी न केवल एक कुशल राजनेता हैं, बल्कि बेहद मृदुल स्वभाव के व्यक्ति भी हैं, जो हमेशा अपने गांव की जड़ों से जुड़े रहते हैं।
Patna विरासत और विकास का संगम
सम्राट चौधरी को राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता शकुनि चौधरी बिहार की राजनीति के कद्दावर स्तंभ रहे हैं, जो छह बार विधायक और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। उनकी माता स्वर्गीय पार्वती देवी भी विधायक रह चुकी हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सम्राट चौधरी ने इस विरासत को न केवल संभाला है, बल्कि तारापुर क्षेत्र में शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए लंबी लकीर खींची है। तीन भाइयों में मंझले सम्राट अब बिहार के सर्वोच्च पद की दौड़ में सबसे आगे दिखाई दे रहे हैं।
Patna मीडिया की खामोशी पर भारी पड़ा ग्रामीणों का उत्साह
राजनीतिक संवेदनशीलता को देखते हुए सम्राट चौधरी के परिजनों ने फिलहाल मीडिया के कैमरों पर कुछ भी कहने से परहेज किया है। हालांकि, गांव की तस्वीर सब कुछ बयां कर रही है। लखनपुर के स्थानीय निवासी सुनील कुमार साह और डॉ. पप्पू एजाज ने बताया कि क्षेत्र के लोग उन्हें अपना भावी मुख्यमंत्री मान चुके हैं। उनके अनुसार, सम्राट चौधरी की परिपक्वता और जनप्रिय छवि उन्हें इस पद का सबसे योग्य उम्मीदवार बनाती है।
Also Read This: Sasaram: नेशनल फायर सर्विस डे का आयोजन, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, जागरूकता सप्ताह का आगाज़

