रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Nawada husband kills wife with knife : बिहार के नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक शख्स ने मायके में रह रही अपनी ही पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आए अपने साले पर भी आरोपी ने जानलेवा वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पति को वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
Nawada husband kills wife with knife पुलिस ने एक दिन पहले ही पति के चंगुल से बचाकर भेजा था मायके
जानकारी के अनुसार, खानापुर गांव निवासी उपेंद्र सिंह की 27 वर्षीय बेटी पूजा कुमारी का विवाह वर्ष 2018 में चैनपुरा निवासी चंद्र मौली सिंह के साथ हुआ था। दोनों की एक छोटी बेटी भी है। मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए पूजा को प्रताड़ित करते थे। गुरुवार को दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पूजा के साथ मारपीट शुरू कर दी। खुद को कमरे में बंद कर पूजा ने पुलिस से मदद गुहारी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे रेस्क्यू किया और सुरक्षा के लिहाज से उसके मायके (खानापुर) छोड़ दिया।
Nawada husband kills wife with knife ससुराल में घुसकर किया जानलेवा हमला
पुलिस की दखल के बाद भी आरोपी चंद्र मौली सिंह का गुस्सा शांत नहीं हुआ। शुक्रवार की दोपहर वह अपने भाई के साथ अचानक अपनी ससुराल खानापुर गांव धमक गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने सो रही पूजा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अपनी बहन को बचाने दौड़े भाई पर भी उसने बेरहमी से चाकू से कई वार किए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी चंद्र मौली सिंह को हथियार समेत दबोच लिया।
Nawada husband kills wife with knife इलाज के दौरान दम तोड़ा, भाई पटना रेफर
वारदात के बाद दोनों लहुलुहान भाई-बहन को तुरंत स्थानीय वारिसलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ से नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें पावापुरी विम्स (VIMS) रेफर किया गया। इलाज के दौरान पावापुरी में पूजा की मौत हो गई, जबकि उसके भाई की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

