रिपोर्टर: विनय शर्मा
Narmadapuram : मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। यहाँ इटारसी के पूर्व पार्षद व कांग्रेस जिला महासचिव रजनीकांत सोनकर के बेटे अनुज सोनकर पर एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने और बाद में उसका जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत 3 लोगों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस अपराध में आरोपी के बड़े भाई, जो कि एक स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता है, और कैफे संचालक की संलिप्तता भी पाई गई है।
गुप्त केबिन में दरिंदगी और फिर गर्भपात का खौफनाक खेल
Narmadapuram पीड़ित नाबालिग लड़की ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि मुख्य आरोपी अनुज सोनकर उसे ‘हिडन कैफे’ नाम के एक होटल/कैफे में ले गया था। वहां बने एक गुप्त केबिन के अंदर आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती दरिंदगी की। इस घटना के बाद जब नाबालिग गर्भवती हो गई, तो मामले को दबाने की नीयत से आरोपियों ने उस पर दबाव बनाया और जबरन उसका गर्भपात करवा दिया। पीड़िता किसी तरह इस खौफनाक चक्रव्यूह से बाहर निकली और परिजनों की मदद से पुलिस थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।
पुलिस की छापेमारी: कैफे से कई संदिग्ध जोड़े गिरफ्तार
Narmadapuram मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज किया और ‘हिडन कैफे’ पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को कैफे के अंदर से कई संदिग्ध जोड़े आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जिसके बाद कैफे की संदिग्ध गतिविधियों की भी गहन जांच शुरू कर दी गई है। कैफे संचालक हर्ष जॉनसन को इस अवैध कृत्य और दुष्कर्म में सहयोग करने के आरोप में तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब कैफे के लाइसेंस और वहां संचालित होने वाले अनैतिक कार्यों के रिकॉर्ड खंगाल रही है।
मुख्य आरोपी, भाजपा कार्यकर्ता भाई और कैफे संचालक सलाखों के पीछे
Narmadapuram पुलिस ने इस पूरे मामले में त्वरित एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी अनुज सोनकर, उसके बड़े भाई राहिल सोनकर (भाजपा कार्यकर्ता) और कैफे संचालक हर्ष जॉनसन तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी अनुज को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी वैज्ञानिक व चिकित्सीय साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत चालान पेश किया जाएगा।
ये भी पढ़े: ग्वालियर के आरा मिल इलाके में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग: पैसों के लेन-देन का मामला, दो युवकों को लगी गोली

