रिपोर्टर: अरविन्द सिंह
Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के हजीरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले आरा मिल इलाके में बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे पैसों के लेन-देन को लेकर दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान हमलावरों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। एक युवक के पेट में गोली लगी है, जिसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जबकि दूसरे युवक के पैर में गोली लगी है। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद अपनी काले रंग की बोलेरो गाड़ी से मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

रंजिश में अचानक चलीं गोलियां, विवाद देखने पहुंचा युवक भी हुआ शिकार
Gwalior पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कांच मिल निवासी आरोपी धीरज तोमर, अजय तोमर और लल्ला गुर्जर का अन्नू तोमर और सादिक खान के साथ पैसों के पुराने लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार रात आरोपी काले रंग की बोलेरो से आरा मिल क्षेत्र पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई और देखते ही देखते आरोपियों ने बंदूकें निकाल लीं। इसी दौरान घर के बाहर खड़ा अजय नामक युवक जब शोर सुनकर मौके पर पहुंचा, तो एक गोली सीधे उसके पेट में जा लगी। वहीं, सादिक खान नामक दूसरे युवक के पैर में गोली लगी, जिससे इलाके में भगदड़ मच गई।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती, CCTV से हुई आरोपियों की पहचान
Gwalior फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए और लहूलुहान हालत में दोनों घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां पेट में गोली लगने से घायल युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही हजीरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें धीरज तोमर, अजय तोमर और लल्ला गुर्जर की स्पष्ट मौजूदगी और फायरिंग करते हुए तस्वीरें सामने आई हैं। पुलिस ने फुटेज को साक्ष्य के तौर पर कब्जे में ले लिया है।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए शहर भर में नाकेबंदी, पुलिस की दबिश जारी
Gwalior हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि पीड़ितों के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। इसके साथ ही शहर के सभी प्रमुख चौराहों और सीमाओं पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

