Madhya Pradesh Foundation Day:मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस (राज्योत्सव) के अवसर पर भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में तीन दिवसीय भव्य समारोह का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और इस दौरान विभिन्न प्रदर्शनियों का उद्घाटन भी किया।
उद्योग और कृषि क्षेत्र में रिकॉर्ड विकास
Madhya Pradesh Foundation Day:समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश आज उद्योग, रोजगार, कृषि, दुग्ध उत्पादन, पर्यटन और विरासत संरक्षण के मामले में देश में अग्रणी राज्यों में शामिल है। राज्य में अब तक 12 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 को ‘उद्योग वर्ष’ के रूप में मनाते हुए युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए, वहीं वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाते हुए कृषि क्षेत्र को और मजबूत किया गया है। वर्तमान में कृषि विकास दर 24 प्रतिशत से अधिक दर्ज की गई है। इसके अलावा, किसानों की भलाई के लिए विभिन्न परियोजनाओं हेतु अधिग्रहित की जाने वाली भूमि का चार गुना मुआवजा देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में भी राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही देश में पहले स्थान पर पहुंचने का लक्ष्य है।
भोपाल में सेना दिवस का ऐतिहासिक आयोजन
Madhya Pradesh Foundation Day:मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की कि आगामी 15 जनवरी को भोपाल में ‘सेना दिवस’ का भव्य और आकर्षक आयोजन किया जाएगा। इस गरिमामय समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। भोपाल के शौर्य में स्मारक से स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत होना राज्य के नागरिकों में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम की भावना को और अधिक सशक्त करता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई सौगातें
Madhya Pradesh Foundation Day:पिछले पौने तीन वर्षों में राज्य के समग्र विकास पर चर्चा करते हुए सीएम मोहन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश को कई बड़ी परियोजनाएं मिली हैं। इनमें धार जिले का पीएम मित्र पार्क, बीना रिफायनरी विस्तार परियोजना, केन-बेत्वा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजनाएं तथा मोहासा-बाबई रिन्यूएबल एनर्जी मैन्युफैक्चरिंग जोन प्रमुख रूप से शामिल हैं।
मेधावी छात्रों और किसानों का सम्मान
Madhya Pradesh Foundation Day:समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और छात्रवृत्तियों के विजेताओं को सम्मानित किया। ‘भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना’ के तहत प्रदेशभर के 102 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को 1-1 लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही, ‘किसान स्वाभिमान पर्व क्विज’ के विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटर वितरित किए गए।
सांस्कृतिक संध्या और आकर्षण
Madhya Pradesh Foundation Day:राज्योत्सव के पहले दिन प्रसिद्ध पार्श्वगायिका मोनाली ठाकुर और उनके साथियों ने अपनी सुमधुर आवाज से समां बांध दिया। उन्होंने ‘सवार लूं’, ‘मोह-मोह के धागे’ और ‘छम-छम’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन लोक एवं जनजातीय नृत्यों की प्रस्तुतियां, वाद्ययंत्र केंद्रित प्रस्तुतियां, कृषि प्रदर्शनी, ‘राजा भोज का भोपाल’ वॉटर कलर चित्रों की प्रदर्शनी और देशज व्यंजन मेला मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

