रिपोर्टर: दीनानाथ माऔर
Aurangabad : जिले के प्रसिद्ध गजना धाम में दो दिवसीय ‘गजना महोत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ हो गया है। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा, एमएलसी दिलीप सिंह, कुटुंबा विधायक ललन भुइया और नवीनगर के पूर्व विधायक डब्ल्यू सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद राष्ट्रगान के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत हुई।
कला और संस्कृति का संगम: पश्चिम बंगाल व स्थानीय कलाकारों ने बांधा समां
Aurangabad जिला कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव में पश्चिम बंगाल से आए सांस्कृतिक कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही, स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का संरक्षण व संवर्धन करना है।
गजना धाम बनेगा प्रमुख पर्यटन स्थल: डीएम अभिलाषा शर्मा
Aurangabad समारोह को संबोधित करते हुए डीएम अभिलाषा शर्मा ने कहा कि गजना धाम बिहार और झारखंड के लाखों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र है। राज्य सरकार इसे न केवल धार्मिक केंद्र, बल्कि एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित कर रही है।
उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा मंदिर परिसर में इंटीग्रेटेड भवन, भव्य प्रवेश द्वार और अत्याधुनिक स्टेज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसका 65 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है।
“माता रानी के दरबार से कोई खाली हाथ नहीं लौटता”: कुटुंबा विधायक
Aurangabad कार्यक्रम में कुटुंबा विधायक ललन भुइया ने गजना धाम की महिमा का बखान करते हुए कहा कि माता रानी के इस पावन दरबार से आज तक कोई भी भक्त याचक बनकर खाली हाथ नहीं लौटा है। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए जिला प्रशासन और कला संस्कृति विभाग के प्रयासों की सराहना की।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा
Aurangabad सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद प्रबंध किए गए हैं। पूरे मेला और कार्यक्रम परिसर में जगह-जगह पुलिस बलों की तैनाती की गई है, ताकि आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित माहौल मिल सके।
कार्यक्रम में गणमान्य लोगों की उपस्थिति
Aurangabad इस गरिमामय अवसर पर एडीएम अनुग्रह नारायण सिंह, सदर एसडीओ गौरव सिंह सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ये भी पढे: जामताड़ा में एसआईआर के विरोध में इंडिया गठबंधन का हल्लाबोल; मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग

