IndoreIndore
Spread the love

रिपोर्टर: अनुराग शुक्‍ला

Indore : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक सोमवार को इंदौर के डेली कॉलेज परिसर स्थित संत श्री रविदास महाराज सभागार में शुरू हो गई। बैठक का शुभारंभ संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित करके किया। यह बैठक 4 नवंबर की शाम तक चलेगी।

इस बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के तहत अब तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही संगठन के विस्तार, आगामी गतिविधियों और सामाजिक विषयों पर आगे की रणनीति तैयार करने को लेकर विचार-विमर्श होगा। देशभर से आए प्रतिनिधि विभिन्न संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।

देशभर से करीब 400 प्रतिनिधि बैठक में शामिल

Indore संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार के मुताबिक, यह संगठन की नियमित वार्षिक बैठक है, जिसमें देशभर से लगभग 400 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इसमें संघ के सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय पदाधिकारी, 11 क्षेत्रों के संघचालक और कार्यवाह तथा 46 प्रांतों के प्रमुख पदाधिकारी शामिल हैं।

इसके अलावा संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री और सह संगठन मंत्रियों को भी बैठक में आमंत्रित किया गया है। बैठक के दौरान संगठनात्मक कार्यों की प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों और शाखा विस्तार की होगी समीक्षा

Indore RSS की इस बैठक का प्रमुख एजेंडा संघ के शताब्दी वर्ष में आयोजित गतिविधियों की समीक्षा करना है। इसके साथ ही आने वाले समय में इन कार्यक्रमों को किस तरह आगे बढ़ाया जाए, इस पर भी विचार किया जाएगा।

बैठक में पंच परिवर्तन के पांच प्रमुख विषयों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के प्रयासों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा स्वयंसेवकों के प्रयासों से शाखाओं में हुए विस्तार का आकलन कर नियमित शाखाओं की संख्या बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने की योजनाओं पर चर्चा होगी।

सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के विजयादशमी संबोधन में उठाए गए समसामयिक मुद्दे भी चर्चा का हिस्सा होंगे। इन विषयों को समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाने के लिए आगे की कार्ययोजना पर विचार किया जाएगा।

तीन प्रमुख विषयों पर वक्तव्य जारी करेगा संघ

Indore बैठक के दौरान सरकार्यवाह की ओर से तीन महत्वपूर्ण विषयों पर वक्तव्य जारी किए जाने की जानकारी दी गई है। इनमें राष्ट्रीय चेतना के अग्रदूत राज नारायण बोस की 200वीं जयंती, स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान और ओडिशा के कंधमाल के जनजातीय क्षेत्र में कार्य करने वाले स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती के जीवन एवं योगदान से जुड़े विषय शामिल हैं।

इंदौर में हो रही यह बैठक संघ के शताब्दी वर्ष के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें संगठन के अब तक के कार्यों की समीक्षा के साथ भविष्य की प्राथमिकताओं, शाखाओं के विस्तार और सामाजिक गतिविधियों को मजबूत बनाने की दिशा तय की जाएगी। 4 नवंबर तक चलने वाली बैठक में होने वाले विचार-विमर्श और आगामी योजनाओं पर राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों की नजर रहेगी।

ये भी पढ़े: रायपुर में बड़ा साइबर फ्रॉड: फर्जी व्हाट्सएप ID बनाकर 2.93 करोड़ ठगने वाले 5 गिरफ्तार