रिपोर्टर: मृत्युंजय यादव
Bokaro Girl Mobile Tower Boyfriend Incident : झारखंड के बोकारो जिले से प्यार में दीवानगी और प्रशासनिक हड़कंप का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 17 साल की नाबालिग लड़की अपने प्रेमी को जेल से रिहा कराने की अनोखी जिद लेकर 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। मंगलवार सुबह हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और पुलिस के घंटों समझाने-बुझाने के बाद भी लड़की नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई और ऊपर से ही छलांग लगाने की धमकी देती रही। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने टावर के नीचे चारों तरफ जाल (नेट) बिछा दिया है।
Bokaro Girl Mobile Tower Boyfriend Incident चंद्रपुरा के बाद अब गोमिया दहला, प्यार के चक्कर में टावर पर चढ़ने की दूसरी घटना
बोकारो जिले में प्रेम प्रसंग के चलते मोबाइल टावर पर चढ़कर अपनी मांग मनवाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। अभी हाल ही में चंद्रपुरा में एक होमगार्ड जवान का ऐसा ही मामला सामने आया था, जो मुश्किल से शांत हुआ था कि अब गोमिया थाना क्षेत्र के ढेंढे गांव में यह नया ड्रामा शुरू हो गया। टावर पर चढ़ी लड़की मूल रूप से ललपनिया थाना क्षेत्र के तिलैया गांव की रहने वाली है। जैसे ही सुबह ग्रामीणों ने लड़की को इतनी ऊंचाई पर देखा, वहां तमाशबीनों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
Bokaro Girl Mobile Tower Boyfriend Incident परिजनों ने दर्ज कराया था अपहरण का केस, प्रेमी गया जेल तो प्रेमिका ने काटा बवाल
पूरे मामले की बैकस्टोरी बेहद पेचीदा है। पुलिस के अनुसार, इस नाबालिग लड़की का रांची के एक 22 वर्षीय युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उसी से शादी करना चाहती थी। कुछ समय पहले लड़की के परिजनों ने युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़की को रांची से बरामद किया और आरोपी युवक को कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर तेनुघाट जेल भेज दिया। अपने प्रेमी की इसी गिरफ्तारी से नाराज होकर लड़की ने यह आत्मघाती कदम उठाया। उसका साफ कहना है कि जब तक उसके बॉयफ्रेंड को जेल से रिहा नहीं किया जाता, वह नीचे नहीं आएगी।
Bokaro Girl Mobile Tower Boyfriend Incident थाना प्रभारी करते रहे मिन्नतें, एहतियातन बिछाया गया सुरक्षा जाल
घटना की सूचना मिलते ही ललपनिया और गोमिया दोनों थानों की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। ललपनिया थाना प्रभारी लाउडस्पीकर के जरिए लगातार लड़की से नीचे उतरने की मिन्नतें करते दिखे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी आवाज लगाते हुए कहा, “बेटी नीचे उतर जाओ, गिर जाओगी”, लेकिन लड़की अपनी जिद पर अड़ी रही। किसी भी अनहोनी या ऊपर से कूदने की स्थिति में जान बचाने के लिए पुलिस ने टावर के नीचे चारों तरफ बड़ा जाल फैला दिया है। समाचार लिखे जाने तक लड़की को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी थे।

