JamshedpurJamshedpur
Spread the love

रिपोर्टर: प्रेम कुमार श्रीवास्‍तव

Jamshedpur : लौहनगरी जमशेदपुर में धार्मिक और सामाजिक समरसता की एक अनूठी तस्वीर देखने को मिलने वाली है। पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन और आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार (24 मई) को बिष्टुपुर स्थित श्री राम मंदिर कल्याण मंडपम में भव्य “श्री बालाजी अन्न प्रसादम” का आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर 2000 से अधिक श्रद्धालुओं के बीच तिरुपति भगवान वेंकटेश्वर बालाजी का प्रसिद्ध अन्न प्रसादम वितरित किया जाएगा, जिसे लेकर पूरे शहर के भक्तों में भारी उत्साह है।

Jamshedpur वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगी शुरुआत, दक्षिण भारतीय परंपरा से महकेगा मंदिर परिसर

अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ रविवार सुबह 11:30 बजे दक्षिण भारतीय विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक रीति-रिवाज और विशेष पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण शुरू किया जाएगा। मंदिर परिसर को दक्षिण भारतीय संस्कृति के अनुरूप बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया है। महासचिव मंटू अग्रवाल के अनुसार, यहाँ भक्तों के लिए विशेष ‘पेरुमल स्टोन’ (मनोकामना पत्थर) के दर्शन की व्यवस्था की गई है, साथ ही सभी को कपूर मिश्रित पवित्र जलामृत भी दिया जाएगा।

Jamshedpur एक साथ बैठेंगे 130 श्रद्धालु, मारवाड़ी युवा मंच और राणी सती समिति संभालेंगी मोर्चा

कोषाध्यक्ष अजय भालोटिया ने जानकारी दी कि भोजन व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए पंडाल, रसोई और पुष्प सज्जा की तैयारियां युद्ध स्तर पर पूरी कर ली गई हैं। एक बार में लगभग 130 श्रद्धालुओं के बैठकर सम्मानपूर्वक प्रसाद ग्रहण करने का प्रबंध किया गया है। इस महाआयोजन में शहर की विभिन्न संस्थाएं अपना योगदान दे रही हैं; राणी सती सत्संग समिति को प्रसाद वितरण का जिम्मा सौंपा गया है, जबकि भीषण गर्मी को देखते हुए मारवाड़ी युवा मंच की ओर से ठंडे जल और छाछ की काउंटर व्यवस्था की जाएगी। वहीं, आंध्रा समाज पूरे धार्मिक अनुष्ठानों की देखरेख करेगा।

Jamshedpur राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज नेता होंगे शामिल, सिदगोड़ा से आएगी भगवान बालाजी की दिव्य प्रतिमा

इस गरिमामयी कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक समाजसेवी विजय मित्तल एवं उनकी पत्नी प्रीति अग्रवाल हैं, जबकि पूरा आयोजन सुनील जवानपुरिया ‘बिट्टू’ के मार्गदर्शन में हो रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल (रांची) और महिला विंग की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रूही अग्रवाल (दुर्ग) शिरकत करेंगी। मयूर संघी ने बताया कि शनिवार शाम को ही सिदगोड़ा मंदिर से भगवान बालाजी की दिव्य प्रतिमा को वैदिक विधान से लाया जाएगा, जहां रात 7 बजे भगवान को तरबूज का विशेष भोग लगाया जाएगा। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में संदीप मुरारका, कमल किशोर अग्रवाल, विनोद शर्मा सहित समिति के दर्जनों सदस्य जी-जान से जुटे हैं।

ये भी पढ़े: Fugitive: मर्डर केस में फरार कैदी बना बॉलीवुड एक्टर, 12 साल बाद अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने दबोचा