रिपोर्टर: सत्येन्द्र सिंह
Jabalpur : कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ‘कदम ट्री’ होटल में एक व्यापारी को ब्लैकमेल कर पैसों की मांग करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक युवती को हिरासत में लिया है। तलाशी के दौरान युवती के बैग से ढाई लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं, जिसे लेकर पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।
2025 में हुई थी मुलाकात, प्रेम संबंध के बाद ब्लैकमेलिंग का खेल
Jabalpur गौरीघाट निवासी व्यापारी सार्थक सिंह गौतम की शिकायत के अनुसार, वर्ष 2025 में उसकी मुलाकात उमरिया निवासी इस युवती से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि कुछ समय बाद युवती ने व्यापारी को आर्थिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पैसे न देने पर उसने व्यापारी को सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां देना शुरू कर दिया।
कदम ट्री होटल में बुलावा और पुलिस की दबिश
Jabalpur रविवार को युवती ने व्यापारी को कदम ट्री होटल में मिलने के लिए बुलाया। वहां पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ता देख व्यापारी ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस ने होटल में छापेमारी की और युवती को हिरासत में ले लिया। जब उसके बैग की जांच की गई, तो उसमें से ढाई लाख रुपये की नकदी बरामद हुई।
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज, जांच जारी
Jabalpur सीएसपी अखिलेश गौर ने बताया कि व्यापारी की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308 और 351 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। युवती के पास से मिली नकदी के स्रोत और ब्लैकमेलिंग के इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े: ग्वालियर: कोचिंग जा रही छात्रा से बीच सड़क मारपीट और छेड़छाड़, CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान

