रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Gwalior : शहर के थाटीपुर चौराहे के पास स्थित आई केयर क्लीनिक में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वेटिंग एरिया में बैठे एक युवक के हाथ में अचानक मोबाइल फोन फट गया। धमाके के बाद मोबाइल में आग लग गई और लपटें उठने लगीं। घटना से क्लीनिक में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। जान बचाने के लिए लोग बाहर की तरफ भागने लगे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। पूरी घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
डॉक्टर को दिखाने आया था युवक, इंतजार के दौरान हुआ मोबाइल ब्लास्ट
Gwalior जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की है। एक युवक डॉ. आशुतोष शर्मा से इलाज कराने के लिए आई केयर क्लीनिक पहुंचा था। वह वेटिंग एरिया में बैठकर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसके हाथ में मौजूद मोबाइल फोन अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। मोबाइल में आग लगते ही उससे लपटें निकलने लगीं। अचानक हुए धमाके से आसपास बैठे लोग घबरा गए और कुछ ही देर में क्लीनिक में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नवजात बच्चों समेत कई मरीज थे मौजूद, जान बचाकर बाहर भागे लोग
Gwalior मोबाइल में विस्फोट और आग लगने की घटना के समय क्लीनिक में कई मरीज और उनके परिजन मौजूद थे। इनमें नवजात बच्चे भी शामिल थे। आग की लपटें देखकर वहां मौजूद लोगों में डर फैल गया। लोग किसी बड़ी अनहोनी की आशंका के चलते तेजी से बाहर निकलने लगे। कुछ देर तक क्लीनिक परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बनी रही। नवजात बच्चों की मौजूदगी के कारण परिजनों की चिंता और बढ़ गई थी।
कर्मचारी ने तुरंत बुझाई आग, CCTV कैमरे में कैद हुआ घटनाक्रम
Gwalior मोबाइल में आग लगने के बाद क्लीनिक के एक कर्मचारी ने तुरंत मोर्चा संभाला। उसने बाल्टी से पानी डालकर जलते हुए मोबाइल की आग बुझा दी। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से लपटें आसपास रखे फर्नीचर और अन्य सामान तक नहीं पहुंचीं। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
मोबाइल ब्लास्ट की पूरी घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में मोबाइल में आग लगने के बाद लोगों की घबराहट और वहां मची अफरा-तफरी देखी जा सकती है। घटना के बाद क्लीनिक में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
ये भी पढ़े: सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को लिखी 49वीं पाती: अयोध्या दीपोत्सव में शामिल होने का दिया न्योता

