Weather Update : भारत के अधिकांश हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में लू चलने की संभावना बनी रहेगी। मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ जैसे राज्यों में 23 अप्रैल तक गर्म हवाओं का असर जारी रह सकता है। राजधानी दिल्ली में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
Weather Update कई शहरों में 40 से 45 डिग्री तक पहुंचा पारा
पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, विदर्भ, झारखंड, राजस्थान और गुजरात समेत कई इलाकों में अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। देश के अन्य हिस्सों में भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है और 36 से 40 डिग्री के बीच रह रहा है।
Weather Update राजनांदगांव और वर्धा रहे सबसे गर्म
रविवार को छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और विदर्भ के वर्धा में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। वहीं, पंजाब के लुधियाना में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 2 से 4 डिग्री और पूर्वी भारत में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है।
Weather Update उत्तर प्रदेश में भी बढ़ी गर्मी की मार
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, बाराबंकी, बहराइच और हरदोई में तापमान सामान्य से काफी अधिक पहुंच गया है। प्रयागराज में 44.6°C, वाराणसी में 44.2°C और बांदा में 43.6°C तापमान दर्ज किया गया। लखनऊ में भी तापमान 41°C के आसपास रहने का अनुमान है।
Weather Update दिल्ली में बादल, लेकिन गर्मी से राहत नहीं
दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। यहां अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच रह सकता है। हल्की हवाएं चलेंगी, लेकिन गर्मी का असर बना रहेगा।
Weather Update कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
इसके अलावा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 20 से 30 अप्रैल के बीच बारिश के आसार हैं। बिहार में 23 अप्रैल को तेज़ आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जहां हवाएं 50 से 70 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं।
दक्षिण भारत के राज्यों—छत्तीसगढ़, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी 23 अप्रैल तक हल्की बारिश होने की संभावना है।
Also Read This: Lormi: रिहायशी इलाके में कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की लेटलतीफी से जला लाखों का सामान

