HazaribaghHazaribagh
Spread the love

रिपोर्टर: रूपेश कुमार दास

Hazaribagh : झारखंड के हजारीबाग जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के समीप सोमवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हजारीबाग शहर के ओकनी क्षेत्र के रहने वाले विक्की सोनी के रूप में की गई है। इस अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।

Hazaribagh टायर बदलने के दौरान घात लगाकर हमला

मिली जानकारी के मुताबिक, विक्की सोनी अपने एक दोस्त के साथ हजारीबाग से कोडरमा की तरफ जा रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त बाबा केदारनाथ की यात्रा पर जाने की तैयारी में थे और उसी सिलसिले में आगे बढ़ रहे थे। इसी बीच बरही के पास करसो पुल के नजदीक उनकी गाड़ी का टायर अचानक पंचर हो गया। दोनों दोस्त वाहन को सड़क के किनारे खड़ा कर टायर बदल रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

Hazaribagh बाइक सवार अपराधियों ने बरसाईं गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब दोनों युवक गाड़ी ठीक कर रहे थे, उसी समय एक बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे। अपराधियों ने सीधे विक्की सोनी को निशाना बनाते हुए उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही विक्की खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से रफूचक्कर हो गए।

Hazaribagh छानबीन में जुटी पुलिस और स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बरही थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल हत्या की असल वजहों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है, जिसके तहत घटनास्थल के आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तकनीकी साक्ष्यों (सर्विलांस) की मदद ली जा रही है। इस बीच, घटना से नाराज स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और हत्यारों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है।

ये भी पढ़े: Zoji-la Tunnel: कश्मीर और लद्दाख को हर मौसम में जोड़ने वाली देश की सबसे रणनीतिक सुरंग