GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Gwalior : प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तिघरा डैम में पिकनिक मनाने गए गजराराजा मेडिकल कॉलेज (जीआरएमसी) के छात्रों के साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया। डैम में नहाने के दौरान दो छात्र गहरे पानी की चपेट में आने से डूब गए। इस घटना से पूरे इलाके और मेडिकल कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय तिघरा थाना पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

Gwalior आठ छात्रों का समूह पहुंचा था पिकनिक मनाने

जानकारी के मुताबिक, गजराराजा मेडिकल कॉलेज के चार छात्रों और चार छात्राओं का एक समूह वीकेंड पर घूमने और पिकनिक मनाने के लिए तिघरा डैम पहुंचा था। सभी छात्र वहां माहौल का आनंद ले रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में दो छात्र गहरे पानी में समा गए, जबकि समूह के शेष छह सदस्य सुरक्षित हैं। घटना के बाद से साथ आए सहपाठियों में दहशत और गहरे सदमे का माहौल है।

Gwalior देर रात एक छात्र का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

डैम में डूबने वाले छात्रों की पहचान गोपाल अग्रवाल और आयुष श्रीवास्तव के रूप में की गई है। स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम ने घटना के तुरंत बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़े सेवा अभियान के बाद देर रात गोताखोरों ने गोपाल अग्रवाल का शव पानी से बाहर निकाल लिया, जिससे परिजनों और कॉलेज के साथियों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, दूसरे लापता छात्र आयुष श्रीवास्तव की तलाश के लिए रविवार सुबह से दोबारा व्यापक स्तर पर सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। देर रात अंधेरा अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था।

Gwalior सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे गंभीर सवाल

यह पूरी घटना तिघरा थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। तिघरा डैम क्षेत्र में हर साल बड़ी संख्या में सैलानी और युवा पहुंचते हैं, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों और जानकारों ने जलाशयों के खतरनाक पॉइंट पर सुरक्षा घेरा और चेतावनी बोर्ड न होने पर सवाल उठाए हैं। वहीं, प्रशासन ने आम जनता से गहरे पानी में न उतरने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।

ये भी पढ़े: Weight Loss Tea: जीरा, धनिया और सौंफ की चाय से घटाएं पेट, कमर और जांघों की चर्बी, जानें बनाने का सही तरीका