रिपोर्टर: संदीप राजावत
Gwalior Anti Encroachment Drive : ग्वालियर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और अतिक्रमण मुक्त सड़क सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शहर के प्रमुख गोला का मंदिर क्षेत्र में मदाखलत दस्ते और यातायात पुलिस ने मिलकर एक बड़ा अभियान चलाया, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।


Gwalior Anti Encroachment Drive सड़क किनारे से हटाए गए अवैध कब्जे और गुमटियां
गोला का मंदिर चौराहे और उसके आसपास के इलाकों में सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई गुमटियों, ठेलों और दुकानों के कारण लंबे समय से जाम की स्थिति बन रही थी। कार्रवाई के दौरान मदाखलत दस्ते ने इन अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर रास्ता साफ कराया। इसके साथ ही, बार-बार चेतावनी के बाद भी सड़क घेरकर दुकान चलाने वालों का सामान भी टीम द्वारा मौके पर जब्त कर लिया गया।
Gwalior Anti Encroachment Drive पंचर की दुकान में अवैध रूप से मिला 100 लीटर डीजल
अभियान के दौरान उस समय एक चौंकाने वाला मामला सामने आया जब टीम एक टायर पंचर की दुकान पर पहुंची। वहाँ जांच के दौरान भारी मात्रा में अवैध रूप से संगृहीत किया गया 100 लीटर से अधिक डीजल बरामद हुआ। पूछताछ में दुकान संचालक ने कबूल किया कि वह हाईवे से गुजरने वाले ट्रक चालकों से सस्ते दामों पर डीजल खरीदता था और फिर उसे अन्य लोगों को ऊंचे दामों पर बेच देता था। यातायात पुलिस और प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे डीजल को जब्त कर लिया और संचालक के खिलाफ वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Gwalior Anti Encroachment Drive सुरक्षा और यातायात सुधार पहली प्राथमिकता: अधिकारी
इस पूरी कार्रवाई को लेकर अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर की सड़कों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गोला का मंदिर जैसे व्यस्ततम चौराहे पर इस कार्रवाई से जहाँ एक ओर आम जनता को जाम से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर अवैध व्यापार करने वालों पर भी शिकंजा कसा गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

