रिपोर्टर: सन्तोष सरावगी
Gwalior : जिले के डबरा अनुभाग अंतर्गत बिलौआ क्षेत्र में उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री धर्मवीर सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ बिलौआ की प्रतिबंधित खदानों का धरातलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन या खनिज परिवहन न हो।

Gwalior 8 चेकिंग पॉइंट और विशेष जांच दल तैनात
उच्च न्यायालय के निर्देशों पर कड़ाई से अमल के लिए बिलौआ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। एसएसपी धर्मवीर सिंह के समन्वय से क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर 8 स्थायी चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन ने उड़नदस्ते और जांच दल गठित किए हैं, जो लगातार गश्त कर हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं।
Gwalior उच्च न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने खनिज व पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि प्रतिबंधित खदानों की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अदालत के आदेशों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि कोई अवैध उत्खनन या परिवहन में संलिप्त पाया जाता है, तो उस पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण में प्रशासनिक व पुलिस तंत्र का अमला रहा मौजूद
क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान जिला व पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें अपर जिलाधिकारी (एडीएम) श्री सी बी प्रसाद, एसडीएम डबरा श्रीमती जूही गर्ग, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती भूमिजा सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर श्री अनिल राघव तथा जिला खनिज अधिकारी श्री पंकजध्वज मिश्रा समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी शामिल थे।
ये भी पढ़े: गांधी मैदान में गणेश महोत्सव की तैयारी शुरू: वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ खूंटा पूजन

