रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Govindpuri Fire Tragedy : देश की राजधानी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में गुरुवार देर रात एक बेहद दर्दनाक और रूह कँपा देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ के तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। भयंकर गर्मी और रात के सन्नाटे के बीच लगी इस आग ने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में तीसरी मंजिल पर रहने वाले एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। जान बचाने के लिए लोगों द्वारा किए गए संघर्ष की दास्तां बेहद खौफनाक है।
Govindpuri Fire Tragedy रात ढाई बजे चीख-पुकार से खुली नींद, साड़ियों को रस्सी बना खिड़की से उतरे लोग
पुलिस और चश्मदीदों के मुताबिक, रिहायशी इमारत में रात करीब 2:30 बजे अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। संकरी गली होने के कारण आग बहुत तेजी से ऊपर की मंजिलों की तरफ फैली। जब तक लोग कुछ समझ पाते, पूरी बिल्डिंग में जहरीला धुआं भर गया जिससे सांस लेना दूभर हो गया। अपनी जान बचाने के लिए लोगों ने खिड़कियों का सहारा लिया। कई निवासियों ने घर में रखी साड़ियों को आपस में बांधकर एक लंबी रस्सी बनाई और उसी के सहारे खिड़की से नीचे लटककर अपनी जान बचाई।
Govindpuri Fire Tragedy छत से गूंजती रही ‘हमें बचाओ’ की आवाजें, बेबस खड़े देखते रहे पड़ोसी
हादसे का सबसे दर्दनाक मंजर इमारत की छत पर देखने को मिला। निचली मंजिलों में आग फैलने के कारण कई लोग भागकर छत की तरफ चले गए और वहाँ फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात के अंधेरे में छत से लगातार ‘बचाओ-बचाओ’ की चीखें आ रही थीं। नीचे खड़े पड़ोसी उनकी मदद करना चाहते थे, लेकिन आग का विकराल रूप और ग्राउंड फ्लोर पर खड़ी दोपहिया गाड़ियों में हुए धमाकों के कारण कोई भी अंदर घुसने की हिम्मत नहीं जुटा सका। हर कोई चाहकर भी बेबस खड़ा रहा।
Govindpuri Fire Tragedy आठ लोगों का रेस्क्यू, तीन की मौत; शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़े सघन अभियान के बाद इमारत से 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सफदरजंग अस्पताल और एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने 28 वर्षीय पंकज, उनकी 50 वर्षीय मां गुड्डी और 20 वर्षीय बहन सोनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं परिवार की 18 वर्षीय लड़की और 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से झुलसी हुई हैं।
दिल्ली पुलिस और फॉरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर पर लगे बिजली के मीटरों में हुए शॉर्ट सर्किट को आग की मुख्य वजह माना जा रहा है। स्थानीय प्रशासन मामले की गहराई से तफ्तीश कर रहा है।
ये भी पढ़े: Rohtas परिवहन विभाग का बड़ा कदम: बाल श्रम के खिलाफ ली शपथ, नाबालिगों के वाहन चलाने पर कसेगा शिकंजा

