GariabandGariaband
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Gariaband : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से मानवीय रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पतोरी में एक कलयुगी मामा ने अपने ही सगे भांजे के परिवार को प्रताड़ित कर घर से बेदखल कर दिया। इस कड़कड़ाती ठंड और मुश्किल हालातों में बेघर हुए मासूम बच्चों और महिलाओं को पूरी रात फिंगेश्वर के सरकारी अस्पताल के सामने खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ी।

Gariaband घर के चारों तरफ लगाई कंटीली झाड़ियां, जबरन निकाला बाहर

पीड़ित राधेलाल साहू ने अपने सगे मामा कोमल राम साहू पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। राधेलाल के मुताबिक, उनके मामा ने आपसी विवाद के चलते क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने उनके मकान के चारों तरफ जबरन लकड़ी और कटीली झाड़ियां लगा दीं, जिससे परिवार का घर में रहना और अंदर-बाहर आना-जाना पूरी तरह बंद हो गया। इस तरह पूरे परिवार को बंधक जैसी स्थिति बनाकर घर से बाहर खदेड़ दिया गया।

Gariaband दहशत में मासूम और महिलाएं: लगातार मिल रही हैं धमकियां

इस अमानवीय कृत्य के कारण राधेलाल साहू का पूरा परिवार गहरे मानसिक और शारीरिक सदमे में है। खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हुए मासूम बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पीड़ित बेहद चिंतित हैं। राधेलाल का आरोप है कि घर से बेदखल करने के बाद भी उनका मामा शांत नहीं बैठा है और उन्हें लगातार गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दे रहा है, जिससे पूरा परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर है।

Gariaband पीड़ित परिवार ने लगाई प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की गुहार

बेघर और बेबस पीड़ित परिवार ने अब स्थानीय प्रशासन और पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की तत्काल जांच की जाए, उन्हें उनके घर में वापस सुरक्षित बसाया जाए और आरोपी मामा के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। परिवार ने प्रशासन से अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है ताकि वे बिना किसी डर के अपने गांव में रह सकें।

ये भी पढ़े: Doormat Vastu: मुख्य द्वार पर इस तरह रखें पायदान, घर में बनी रहेगी सुख-समृद्धि और मां लक्ष्मी की कृपा