FSSAIFSSAI
Spread the love

रिपोर्टर: गनेश सिंह

FSSAI : पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में अधिक शुगर, नमक और सैचुरेटेड फैट की चेतावनी वाले लेबल को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश जारी किए हैं। न्यायालय ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को चार महीने के भीतर नियम तैयार करने को कहा है और यह व्यवस्था चरणबद्ध तरीके के बजाय एक साथ लागू करने का सुझाव दिया है। कोर्ट के अनुसार, निर्धारित सीमा से अधिक शुगर, नमक या सैचुरेटेड फैट वाले उत्पादों के पैकेट पर लाल रंग का छह कोनों वाला (हेक्सागोन) चेतावनी चिह्न लगाया जाएगा, जिस पर स्पष्ट शब्दों में जानकारी दर्ज होगी।

हर तत्व के लिए अलग लाल हेक्सागोन और बड़ी लिखावट

FSSAI जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने 26 नवंबर को यह आदेश सुनाते हुए लेबल के स्वरूप पर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। अदालत ने कहा कि सभी चेतावनियों को एक ही निशान में समेटने के बजाय शुगर, नमक और फैट के लिए अलग-अलग लाल हेक्सागोन बनाए जाएं, जिनमें संबंधित तत्व के चित्र के साथ ‘HIGH SUGAR’, ‘HIGH SALT’ और ‘HIGH FAT’ जैसे शब्द बड़े अक्षरों में लिखे हों।

प्रत्येक लाल चिह्न को पैकेट के सामने वाले हिस्से का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत भाग आवंटित करने और कुल शुगर, सैचुरेटेड फैट तथा साल्ट का विवरण देने के निर्देश भी दिए गए हैं। पीठ ने टिप्पणी की कि उचित चेतावनी के अभाव में उपभोक्ताओं, विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

60 दिन तक मांगे जाएंगे सुझाव, देरी नहीं चलेगी

FSSAI यह मामला 3S और Our Health Society की जनहित याचिका से जुड़ा है, जिसमें फ्रंट-ऑफ-पैक चेतावनी लेबल को प्रभावी बनाने की मांग की गई थी। FSSAI ने अदालत को अवगत कराया कि नियम अंतिम रूप देने में लगभग चार माह लगेंगे, जिसके तहत ड्राफ्ट जारी कर घरेलू स्तर व विश्व व्यापार संगठन (WTO) के माध्यम से 60 दिनों तक सुझाव लिए जाएंगे।

इसके बाद प्राप्त सुझावों पर विचार कर मंजूरी व अंतिम अधिसूचना के लिए मंत्रालय को भेजा जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सभी हितधारकों में पूर्ण सहमति बनाने के प्रयास में इस प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से लंबा नहीं खींचा जा सकता, क्योंकि अत्यधिक शुगर, नमक और फैट से मोटापा, डायबिटीज तथा हृदय रोगों का खतरा बढ़ता है।

स्कूलों में पोषण जागरूकता और 10 हफ्ते बाद प्रगति रिपोर्ट

FSSAI सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में बच्चों के बीच पोषण जागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया। केंद्र सरकार को निर्देश दिया गया कि स्कूलों में वर्ष 2020 के नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और पाठ्यक्रम में पोषण से जुड़े विषय शामिल करने के साथ कार्यशालाओं व अन्य गतिविधियों के जरिए बच्चों को जागरूक किया जाए। जस्टिस पारदीवाला ने कहा कि संविधान अच्छे स्वास्थ्य का अधिकार प्रदान करता है और इन निर्देशों के ईमानदार क्रियान्वयन से भावी पीढ़ी स्वस्थ बनेगी। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 10 सप्ताह बाद तय करते हुए FSSAI को अब तक की प्रगति का हलफनामा दाखिल करने को कहा है।

ये भी पढ़े: अस्पताल डॉक्टरों को तरस रहे और सागर प्रशासन शराब दुकानों पर लगवा रहा हेल्थ कैंप