135th Durand Cup Trophy Unveiling : भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र (RBCC) में आयोजित एक भव्य समारोह में 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप की प्रतिष्ठित ट्रॉफियों का अनावरण किया। इसके साथ ही एशिया के सबसे पुराने और ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंट के नए संस्करण का आधिकारिक शंखनाद हो गया है। इस वर्ष टूर्नामेंट का आगाज 25 जुलाई, 2026 को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (VYBK) में होगा, जबकि इसका खिताबी मुकाबला 23 अगस्त, 2026 को खेला जाएगा।
135th Durand Cup Trophy Unveiling ऐतिहासिक परंपरा और प्रेसिडेंट्स कप का गौरवशाली जुड़ाव
समारोह के दौरान देश के सर्वोच्च पद और डूरंड कप के बीच के एक सदी से भी अधिक पुराने ऐतिहासिक संबंधों को एक बार फिर याद किया गया। इस टूर्नामेंट की विरासत भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के कार्यकाल से जुड़ी हुई है। विजेता टीम को दी जाने वाली तीन अद्वितीय ट्रॉफियों में से एक, ‘प्रेसिडेंट्स कप’ की शुरुआत स्वयं डॉ. राजेंद्र प्रसाद की पहल पर हुई थी। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने इस अवसर पर खेल भावना के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि फुटबॉल लोगों को आपस में जोड़ता है और यह जीवन में समानता, सहयोग व विपरीत परिस्थितियों में दृढ़ रहने की सीख देता है। उन्होंने इस बार श्रीलंका की टीम (डिफेंडर्स एफसी) के शामिल होने पर प्रसन्नता जताई।
135th Durand Cup Trophy Unveiling पांच शहरों में खेले जाएंगे 43 मुकाबले, पहली बार रांची को मिली मेजबानी
डूरंड कप का यह संस्करण कई मायनों में खास होने वाला है। इस बार कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें भारतीय सशस्त्र बल (थल सेना, नौसेना, वायु सेना), केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और देश के दिग्गज फुटबॉल क्लब शामिल हैं। टूर्नामेंट के 138 वर्षों के इतिहास में पहली बार झारखंड की राजधानी रांची को मेजबान शहर के रूप में चुना गया है। रांची के अलावा कोलकाता, इम्फाल, शिलांग और गुवाहाटी के 6 स्टेडियमों में कुल 43 रोमांचक मैच खेले जाएंगे। फ्लैग ऑफ समारोह के बाद ये ट्रॉफियां प्रशंसकों के उत्साह को बढ़ाने के लिए सभी पांच मेजबान शहरों के ‘ट्रॉफी टूर’ पर रवाना होंगी।
135th Durand Cup Trophy Unveiling कोलकाता डर्बी से होगा महामुकाबले का आगाज, सशस्त्र बलों के शीर्ष अधिकारी रहे मौजूद
टूर्नामेंट का पहला ही मुकाबला 25 जुलाई को भारतीय फुटबॉल इतिहास के दो सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वियों के बीच खेला जाएगा, जिसमें 17 बार की चैंपियन मोहुन बागान सुपर जायंट और मौजूदा आईएसएल (ISL) विजेता व 16 बार की डूरंड विजेता ईस्ट बंगाल एफसी आमने-सामने होंगी। इस गरिमामय समारोह में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि, थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन सहित तीनों सेनाओं के शीर्ष अधिकारी, एआईएफएफ (AIFF) के अध्यक्ष कल्याण चौबे और भारतीय फुटबॉल स्टार लल्लियांजुआला छांगते भी उपस्थित रहे।

