Spread the love

By: Ravindra Sikarwar

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तर प्रदेश में आयोजित भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की हीरक जयंती और 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी के समापन समारोह में युवाओं को देश की असली शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि युवा सिर्फ भविष्य के निर्माणकर्ता नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपराओं के सबसे मजबूत संरक्षक भी हैं।

राष्ट्रपति ने युवाओं से आह्वान किया, “एक दीपक से सैकड़ों दीपक जल सकते हैं, ठीक वैसे ही एक सशक्त युवा लाखों लोगों को सशक्त बनाने की ताकत रखता है। अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और कौशल को देश के विकास के लिए समर्पित करें।” उन्होंने जोर दिया कि आज के दौर में केवल प्रतिस्पर्धा ही नहीं, सहयोग और टीम भावना भी राष्ट्र की प्रगति के लिए उतनी ही जरूरी है।

इस राष्ट्रीय जम्बूरी में देशभर से 35 हजार से अधिक स्काउट्स-गाइड्स और 25 देशों के लगभग 2 हजार विदेशी प्रतिभागी शामिल हुए। राष्ट्रपति ने सभी से अपने-अपने अनुभवों को आपस में बांटने और विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का आग्रह किया।

समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जम्बूरी पत्रिका का विमोचन किया और युवाओं के कौशल, सेवा भाव एवं अनुशासन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह जम्बूरी आत्मनिर्भर, स्वदेशी, स्वच्छ और विकसित भारत के सपने को साकार करने का जीवंत मंच बनकर उभरा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन और साहस ही वह दो ताकतें हैं जो भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि जम्बूरी में मिली सीख और प्रेरणा को अपने गांव-शहर में लेकर जाएं और विश्व शांति व एकता के संदेश को हर कोने तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने स्काउट्स-गाइड्स की मार्च पास्ट की सलामी ली, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया और स्मारिका का विमोचन भी किया। उपस्थित प्रमुख लोगों में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त के.के. खंडेलवाल समेत कई गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।

हीरक जयंती वर्ष में आयोजित यह जम्बूरी युवाओं में सेवा, एकता, विश्व शांति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को नई ऊर्जा देने में पूरी तरह सफल रही।

You missed