रिपोर्टर: रंजीत सिंह
Bhopal : मध्य प्रदेश में अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के ठीक पहले शिक्षकों की बीएलओ (BLO) ड्यूटी लगाए जाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। परीक्षाओं में महज कुछ ही दिन शेष बचे हैं, लेकिन बड़ी संख्या में शिक्षकों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में व्यस्त किए जाने से स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था और परीक्षाओं की तैयारियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। शिक्षकों के आक्रोश और शिकायतों का संज्ञान लेते हुए लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

व्हाट्सएप पर मिल रहे ड्यूटी के निर्देश, परीक्षाओं की तैयारियों पर संकट
Bhopal प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में आगामी 18 नवंबर से कक्षा 9वीं-10वीं और 23 नवंबर से 11वीं-12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। शिक्षा विभाग ने इन परीक्षाओं को वार्षिक परीक्षा की तरह बेहद महत्वपूर्ण माना है। इसके बावजूद, भोपाल समेत कई जिलों में शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी पर तैनात कर दिया गया है। शिक्षक संगठनों का आरोप है कि स्थानीय प्रशासन और अनुविभागीय अधिकारी (SDM) बिना किसी विधिवत लिखित आदेश के सीधे व्हाट्सएप पर ड्यूटी के निर्देश भेज रहे हैं और आदेश न मानने पर कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं, जिससे शिक्षकों में असमंजस और तनाव की स्थिति बनी हुई है।

डीपीआई के निर्देश: स्कूल समय के बाद ही लिया जाए बीएलओ का कार्य
Bhopal शिक्षकों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए डीपीआई ने सभी जिला कलेक्टरों, जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और संभागीय संयुक्त संचालकों को आधिकारिक पत्र जारी किया है। स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयीन समय में किसी भी शिक्षक से बीएलओ का काम नहीं कराया जाएगा। शिक्षकों का पहला और प्राथमिक दायित्व स्कूल में शिक्षण कार्य और परीक्षाएं संपन्न कराना है। निर्धारित समयानुसार स्कूल का काम पूरा होने और छुट्टी के बाद ही उन्हें मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में लगाया जा सकेगा।

परीक्षा के बाद रेमेडियल कक्षाएं और शिक्षकों की उपस्थिति है अनिवार्य
Bhopal शिक्षा विभाग की चिंता इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के तुरंत बाद विद्यार्थियों की विशेष कक्षाएं (रेमेडियल क्लासेस) संचालित होनी हैं, जिनमें उन्हें अगले पेपर की तैयारी कराई जाती है। यदि विषय शिक्षक ही बीएलओ ड्यूटी में उलझे रहेंगे, तो परीक्षा का सफल संचालन और बच्चों की पढ़ाई दोनों बाधित होंगी। भोपाल संभाग के संयुक्त संचालक धर्मेंद्र शर्मा ने स्पष्ट किया है कि शिक्षक पहले अपनी शैक्षणिक जिम्मेदारियां पूरी करेंगे, उसके बाद ही अन्य कार्य कर सकेंगे। वहीं, गुरुजी अध्यापक शिक्षक संघ के अध्यक्ष राकेश पटेल ने दोहरे प्रशासनिक दबाव और व्हाट्सएप आदेशों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए शिक्षकों को राहत देने की मांग की है।

