रिपोर्टर: सोनू कुमार
Delhi : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रघुबीर नगर इलाके में सोमवार तड़के एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां स्थित एक गोदाम में अचानक हुए जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड की चपेट में आने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के निवासियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।
Delhi ई-रिक्शा बैटरी में जोरदार धमाके के बाद विकराल हुई आग
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना रघुबीर नगर स्थित एक गोदाम की पहली मंजिल पर घटी, जहां ई-रिक्शा की बैटरियां रखी हुई थीं। सोमवार तड़के अचानक एक ई-रिक्शा बैटरी में जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों और काले धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का अवसर ही नहीं मिल सका।
Delhi दमकल की 4 गाड़ियों ने पाया काबू, रेस्क्यू के बाद भी नहीं बच सकी जान
घटना की सूचना दमकल विभाग को सुबह 4:42 बजे मिली, जिसके तुरंत बाद दमकल की 4 गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अंदर फंसे दो लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। घायलों को तत्काल नजदीकी गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय सुफेद और 38 वर्षीय मोहम्मद सामिद के रूप में हुई है।
प्रशासनिक जांच शुरू, परिजनों में पसरा मातम
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। दमकल और पुलिस की टीमें अभी भी घटनास्थल पर जांच और सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है कि गोदाम में अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और बैटरी में विस्फोट का मुख्य कारण क्या था।
ये भी पढ़े: शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा: ऑल्टो कार और टैंकर की सीधी भिड़ंत में 2 पुलिस जवानों की मौत

