VaranasiVaranasi
Spread the love

रिपोर्टर: उपेन्‍द्र सिंह चौहान

Varanasi : उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में एक होटल के बंद कमरे से युवक और युवती के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शुरुआती पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि युवक ने पहले अपनी ब्यूटीशियन प्रेमिका की चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या की और उसके बाद खुद भी पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा और दोनों शवों को कब्जे में लिया। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और युवती की कहीं और शादी तय होने की वजह सामने आ रही है।

खुद को पति-पत्नी बताकर बुक किया था होटल का कमरा

Varanasi यह सनसनीखेज मामला बड़ागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाबतपुर एयरपोर्ट रोड स्थित ‘केजे इंटरनेशनल होटल’ का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंडुवाडीह के बीएलडब्ल्यू (BLW) क्षेत्र का निवासी जय विकास (20) किराने की दुकान चलाता था। उसका अपनी भाभी की बहन प्रिया केसरी (23) के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था, जो बसनी की रहने वाली थी और पेशे से ब्यूटीशियन थी। सोमवार, 16 नवंबर को दोनों इस होटल में पहुंचे और अपने पहचान पत्र जमा कर कमरा बुक कराया। होटल के रजिस्टर में जय विकास ने प्रिया को अपनी पत्नी दर्ज कराया था। कमरे में जाने के बाद दोनों ने खाने-पीने का सामान भी मंगवाया था।

फोन न उठने पर परिजनों को हुआ संदेह, बाथरूम में मिला युवती का शव

Varanasi जब देर शाम तक प्रिया अपने घर नहीं पहुंची, तो चिंतित परिजनों ने उसे फोन मिलाया। लगातार कॉल करने पर भी जब कोई उत्तर नहीं मिला, तो परिवार वालों ने पुलिस की मदद ली। पुलिस ने जब दोनों के मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस की, तो वह बाबतपुर के इसी होटल की निकली। उधर, रात करीब 10 बजे होटल के स्टाफ ने भी खाने के ऑर्डर के लिए कमरे में इंटरकॉम पर कॉल किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी अंदर से कोई आहट न होने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम परिजनों के साथ मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, जहां जय विकास फंदे से लटका मिला और बाथरूम में प्रिया की खून से सनी लाश पड़ी थी। युवती के गले पर चाकू के कई गहरे घाव थे और शरीर पर भी चोट के निशान पाए गए।

युवती की शादी तय होने से गुस्से में था आरोपी प्रेमी

Varanasi इस पूरे घटनाक्रम पर जानकारी देते हुए डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि मृतक युवक और युवती आपस में रिश्तेदार थे और उनके बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। हाल ही में प्रिया का विवाह किसी अन्य जगह तय हो गया था, जिसे लेकर जय विकास काफी नाराज और तनाव में था। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, साथ ही होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े: सुपौल सदर अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर युवा कांग्रेस का फूटा गुस्सा, डीएम को ज्ञापन सौंपकर की उच्चस्तरीय जांच की मांग

You missed