रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
CGPSC : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की राज्य सेवा परीक्षा-2025 को लेकर एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। प्रदेश के 20 अलग-अलग विभागों में 265 पदों पर होने वाली भर्ती के लिए 20 सितंबर से शुरू होने वाले दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) और साक्षात्कार (Interview) प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया गया है। आयोग ने 16 सितंबर को एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर इस स्थगन के पीछे ‘अपरिहार्य कारणों’ का हवाला दिया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत यह पूरी चयन प्रक्रिया 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक संचालित की जानी थी।
मुख्य परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन पर अभ्यर्थियों ने उठाए गंभीर सवाल
CGPSC साक्षात्कार प्रक्रिया स्थगित होने का यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब अभ्यर्थियों द्वारा मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। सूचना के अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त उत्तर पुस्तिकाओं के आधार पर अभ्यर्थियों ने दावा किया है कि समान और सटीक उत्तर लिखे होने के बावजूद अलग-अलग कॉपियों में अंकों में काफी असमानता देखी गई है। अभ्यर्थियों ने बौद्ध धर्म के महाभिनिष्क्रमण, छत्तीसगढ़ में होम रूल लीग और घरेलू हिंसा अधिनियम जैसे विषयों से जुड़े प्रश्नों के मूल्यांकन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए उत्तर पुस्तिकाओं की पुनर्जांच और विशेषज्ञ समिति के गठन की मांग की है।
608 अभ्यर्थियों के चयन और 1:3 के अनुपात पर भी विवाद
CGPSC राज्य सेवा परीक्षा के तहत 265 कुल पदों के मुकाबले केवल 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किए जाने पर भी विवाद खड़ा हो गया है। विपक्ष और कुछ अभ्यर्थियों का तर्क है कि नियमानुसार 1:3 के अनुपात में कम से कम 795 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाना चाहिए था। वहीं इस मामले पर आयोग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि न्यूनतम अर्हता अंक (कट-ऑफ) प्राप्त न कर पाने के कारण 187 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए पात्र नहीं हो सके। आयोग ने यह भी दोहराया है कि मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की गोपनीयता पूरी तरह बरकरार रखी गई थी।
अभ्यर्थियों को नई तारीखों का इंतजार, आधिकारिक वेबसाइट पर रखनी होगी नजर
CGPSC दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू स्थगित होने के बाद अब उम्मीदवारों को पुराने शेड्यूल के अनुसार 20 सितंबर को उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि आयोग ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि स्थगन का कारण मूल्यांकन संबंधी आपत्तियां हैं या कोई अन्य प्रशासनिक वजह। CGPSC द्वारा जल्द ही नया परीक्षा शेड्यूल जारी किया जाएगा। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे नवीनतम अपडेट और नई तिथियों की जानकारी के लिए समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट (psc.cg.gov.in) का अवलोकन करते रहें।

