रिपोर्टर: अरमान कुरेशी
Kishtwar : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके में शनिवार को एक अत्यंत दुखद सड़क दुर्घटना घटी। डांगडारू से साउंडर की ओर जा रही एक महिंद्रा स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई से फिसलते हुए चिनाब नदी में जा गिरी। इस भीषण हादसे में वाहन में सवार सभी 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
Kishtwar अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी गाड़ी
अधिकारियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10:45 बजे यैनवान, डांगडारू के पास हुआ। कार (रजिस्ट्रेशन नंबर HR29AG-0648) अचानक सड़क से फिसल गई और कई बार लुढ़कते हुए सीधे चिनाब नदी में जा समाई। घटना की जानकारी मिलते ही दच्छन पुलिस थाना की टीम स्थानीय नागरिकों और बचाव कर्मियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
Kishtwar रेस्क्यू ऑपरेशन और शवों की बरामदगी
बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनास्थल से पांचों शवों को बाहर निकाल लिया है। मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन इस बात की जांच कर रहे हैं कि गाड़ी में कुल कितने लोग सवार थे और दुर्घटना का मुख्य कारण क्या था।
उपराज्यपाल और केंद्रीय मंत्री ने जताया गहरा शोक
इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने दुख प्रकट किया है। उपराज्यपाल ने किश्तवाड़ के उपायुक्त (DC) पंकज कुमार शर्मा से बात कर स्थिति की समीक्षा की और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। वहीं, केंद्रीय मंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तत्काल हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़े: सुबह की पहली किरण के साथ लाल किले पर शुरू हुआ 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

