
मंदसौर, मध्य प्रदेश: मंदसौर जिले के ग्राम बनी निवासी भाजपा नेता मनोहर लाल धाकड़ का एक बेहद आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में धाकड़ को एक महिला के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बीच सड़क पर अश्लील हरकतें करते हुए देखा जा रहा है। वीडियो की प्रकृति अत्यंत ही आपत्तिजनक होने के कारण इसे सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाया जा सकता।
क्या है वायरल वीडियो में?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो 13 मई 2025 का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि मनोहर लाल धाकड़ अपनी कार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के 8 लेन पर रोकते हैं। इसके बाद कार से एक महिला बिना कपड़ों के निकलती है और उसके पीछे धाकड़ भी अर्धनग्न हालत में बाहर आते हैं। दोनों बीच सड़क पर बेहद शर्मनाक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना 8 लेन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
भाजपा ने झाड़ा पल्ला, नेता का फोन बंद
इस मामले को लेकर जब मीडिया ने मनोहर लाल धाकड़ से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उनका मोबाइल बंद मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “ऐसे कार्य करने वालों की पार्टी को ज़रूरत नहीं है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि धाकड़ पार्टी के प्राथमिक सदस्य नहीं हैं, वे केवल ऑनलाइन सदस्य हो सकते हैं।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा कि उन्होंने वीडियो देखा नहीं है और वीडियो की कोई प्रमाणिकता नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि “अगर किसी कार्यकर्ता के द्वारा ऐसा कार्य किया जा रहा है जो पार्टी के हित में नहीं है, जिससे पार्टी की बदनामी होती है, उसके खिलाफ पार्टी गंभीरता से लेगी। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस पर एक्शन ज़रूर लेगा। उनको अवगत कराया जाएगा।”
वीडियो में जिस सफेद रंग की कार (MP-14-CC-4782) से धाकड़ निकले हैं, वह मनोहर लाल धाकड़ के नाम पर ही पंजीकृत है। जानकारी के अनुसार, धाकड़ की पत्नी मंदसौर जिला पंचायत सदस्य हैं। इस घटना ने सार्वजनिक और राजनीतिक गलियारों में बड़े पैमाने पर बहस छेड़ दी है, और यह सवाल उठ रहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे व्यवहार को कैसे नियंत्रित किया जाए।
