रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Jamui : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ा खुलासा हुआ है। जमुई जिले के झाझा में तैनात ग्रामीण कार्य प्रमंडल के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (कार्यपालक अभियंता) गोपाल कुमार के ठिकानों पर हुई छापेमारी ने सबको चौंका दिया है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की इस कार्रवाई में इंजीनियर के पास से इतनी अकूत दौलत और संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं, जिसे देखकर खुद जांच अधिकारी भी दंग रह गए।
Jamui 16 साल की नौकरी और कमाई 81% से ज्यादा की अवैध संपत्ति
गोपाल कुमार ने साल 2008 में बिहार सरकार के तहत अपनी सरकारी सेवा की शुरुआत की थी। इसके बाद साल 2022 में उन्हें प्रमोट करके कार्यपालक अभियंता बनाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने अपनी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की। EOU की प्रेस रिलीज के अनुसार, इंजीनियर के पास से ₹2,00,61,000 (दो करोड़ इकसठ हजार) से अधिक की बेनामी संपत्ति के पुख्ता सबूत मिले हैं, जो उनकी वास्तविक और ज्ञात आय से लगभग 81.5% ज्यादा है।
Jamui चार ठिकानों पर एक साथ रेड: मिला कैश, सोना और मॉल में दुकानें
आर्थिक अपराध इकाई की टीमों ने 16 मई को गोपाल कुमार के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस तलाशी अभियान में जो चीजें बरामद हुईं, उनकी सूची काफी लंबी है:
- नकद और आभूषण: छापेमारी में ₹39.65 लाख कैश, करीब 424 ग्राम सोने के जेवरात (कीमत लगभग ₹60.47 लाख) और 1 किलो चांदी बरामद की गई। इसके अलावा ₹47 लाख के गहने खरीदने के बिल भी मिले हैं।
- कमर्शियल और आवासीय प्रॉपर्टी: पटना के सगुना मोड़ स्थित जेबी मॉल (JB Mall) में दो आलीशान व्यावसायिक दुकानें मिली हैं, जिनकी कीमत ₹70 लाख के करीब है। दानापुर में सवा कट्ठा जमीन पर जी+3 (चार मंजिला) इमारत बन रही है, जिसकी रजिस्ट्री वैल्यू ₹35 लाख है और निर्माण में ₹93 लाख अतिरिक्त खर्च किए गए हैं।
- लक्जरी फ्लैट: दानापुर के ‘लक्ष्मी कॉटेज’ में एक शानदार 4 BHK फ्लैट के लिए ₹80 लाख कैश भुगतान करने के कागजात भी जब्त किए गए हैं।
Jamui बेनामी गाड़ियाँ और सरकारी फाइलों का जखीरा
जांच का दायरा जब जमुई स्थित उनके किराए के मकान तक पहुंचा, तो वहां से भी ₹8.03 लाख कैश और एक ₹19 लाख की क्रेटा कार मिली, जो किसी सुरेंद्र मोहन नामक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। इसके अलावा पटना वाले घर से एक हुंडई i10 कार और स्कूटी बरामद हुई है। इंजीनियर के बैंक खातों में भी ₹10 लाख जमा मिले हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि उनके घर से ग्रामीण कार्य विभाग की कई गुप्त और महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें भी मिली हैं, जिसकी रिपोर्ट अब सीधे विभाग को सौंपी जा रही है।
ये भी पढ़े: Vastu Shastra: अलमारी के ऊपर भूलकर भी न रखें ये चीजें, बढ़ सकती हैं आर्थिक परेशानी और घर में नकारात्मकता

