रिपोर्टर: अनुराग शुक्ला
Indore Double Murder : शहर के कालानी नगर इलाके में हुए सनसनीखेज पिता और बेटी के दोहरे हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के गोद लिए हुए बेटे हर्ष को बुधवार को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।

घटना को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। अपनी असली पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने पगड़ी पहनकर सरदार का हुलिया बना लिया था और नोएडा में एक किराए का कमरे लेकर रह रहा था। एरोड्रम थाना पुलिस अब हिरासत में लिए गए आरोपी से गहन पूछताछ कर पूरी साजिश और अन्य लोगों की संलिप्तता की पड़ताल कर रही है।
50 लाख की संपत्ति के बंटवारे को लेकर उपजा था विवाद
Indore Double Murder पुलिस जांच में सामने आया है कि इस खौफनाक वारदात के पीछे करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति से जुड़ा पारिवारिक विवाद मुख्य वजह था। मृतक पिता राजू यादव ने अपनी बेटी हर्षिता को 25 लाख रुपये दिए थे, जिससे गोद लिया बेटा हर्ष काफी नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने अपनी बहन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि हर्ष ने अपने एक नाबालिग साथी की मदद से बहन हर्षिता की गला घोंटकर जान ले ली। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम में उस नाबालिग दोस्त की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रही है।
पिता की हत्या के बाद शव को दूर ले जाकर लगाया ठिकाने
Indore Double Murder बहन की हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने पिता राजू यादव को भी मौत के घाट उतार दिया। सबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने की नीयत से वह पिता के शव को घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर ले गया और वहां फेंक दिया। जांच के दौरान यह भी पता चला कि मृतक पिता के शव के एक हाथ का पंजा भी काटा गया था। पुलिस को जब पिता और पुत्री के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद हुए, तो परिजनों और परिचितों पर संदेह के आधार पर तफ्तीश शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से गिरफ्त में आया आरोपी
Indore Double Murder तफ्तीश के क्रम में पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधि कैद हुई थी। फुटेज में एक युवक पैदल चलता हुआ और दूसरा ऑटो रिक्शा से आता हुआ दिखाई दिया। इन्हीं दृश्य साक्ष्यों और तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस टीम हर्ष के ठिकानों तक पहुंची। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार शहर और ठिकाने बदलते हुए नोएडा में भेष बदलकर छिपा हुआ था, जहां से पुलिस ने उसे दबोच लिया। अब पुलिस पूरे हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने और साक्ष्य नष्ट करने से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़े: मंत्री के विशेष सहायक को पदोन्नति के पद पर लाने की तैयारी पर विवाद, हाईकोर्ट ने लगाई रोक

