रिपोर्टर: नेहा गुप्ता
Bhojpur : जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र स्थित अख्तियारपुर (बड़का गांव) से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दोस्तों के साथ खेल-खेल में लगी एक मामूली सी शर्त के कारण 15 वर्षीय किशोर की जान आफत में पड़ गई। गुरुवार की देर शाम नदी में छलांग लगाने के बाद से ही किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
Bhojpur खेल-खेल में लगी शर्त बनी हादसे की वजह
लापता किशोर की पहचान अख्तियारपुर निवासी अजय पासवान के पुत्र अंकित कुमार (15 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अंकित शाम के वक्त अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों के बीच नदी पार करने या कूदने को लेकर शर्त लग गई। बिना नदी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा लगाए अंकित ने पुल से सीधे नदी में छलांग लगा दी और देखते ही देखते पानी में समा गया।
अंधेरे के कारण सर्च ऑपरेशन में आई रुकावट
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने नदी में अंकित को तलाशने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। रात में अंधेरा अधिक होने के कारण बचाव कार्य में काफी बाधाएं आईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
रेस्क्यू अभियान में जुटी SDRF, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम को बुलाया गया है। रोशनी की कमी के बावजूद टीम द्वारा लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक अंकित का कुछ पता नहीं चल पाया है। इस हादसे के बाद से अंकित के घर में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।

