AurangabadAurangabad
Spread the love

रिपोर्टर: दीनानाथ माऔर

Aurangabad : जिले में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के सुशासन दिवस कार्यक्रम के दौरान अनुशासनहीनता और अव्यवस्था का मामला सामने आया है। सुशासन का संदेश देने के लिए आयोजित इस सभा में आपसी विवाद ने पार्टी की असहज स्थिति पैदा कर दी। सम्राट अशोक भवन के सभागार में ‘सुशासन दिवस – नीतीश संवाद’ कार्यक्रम के तहत यह आयोजन किया गया था।

संबोधन में नाम नहीं लिए जाने पर भड़का विवाद

Aurangabad कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधन के समय कुछ कार्यकर्ताओं का नाम नहीं पुकारा गया, जिससे वे नाराज हो गए। देखते ही देखते यह असंतोष हंगामे में बदल गया और मंच पर ही जेडीयू कार्यकर्ता आपस में उलझ पड़े। सभागार में बैठे लोग इस घटनाक्रम से हैरान रह गए और कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण व अव्यवस्थित हो गया। बाद में मौके पर मौजूद वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और मामला शांत कराया।

विधायक ने बताया घर की बात, कार्यकर्ताओं में असंतोष

Aurangabad इस पूरे घटनाक्रम पर रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे मामूली विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह कोई गंभीर बात नहीं है, बल्कि अपने ही घर का मामला है और सब कुछ जल्द ही सामान्य हो जाएगा। दूसरी ओर, कार्यकर्ताओं का कहना है कि संबोधन में नाम न लिए जाने से उनमें रोष पैदा हुआ, जिसके कारण यह नोकझोंक और विवाद खड़ा हुआ।

राजनीतिक हलकों में तेज हुई चर्चा

Aurangabad सुशासन दिवस पर हुई इस झड़प के बाद औरंगाबाद की राजनीति में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जब संगठन के भीतर ही तालमेल और सुशासन की कमी दिखेगी, तो जनता के बीच गलत संदेश जा सकता है।

ये भी पढ़े: शेखपुरा सदर अस्पताल में करीब एक महीने से अल्ट्रासाउंड सेवा बंद, रेडियोलॉजिस्ट के तबादले से मरीज परेशान