GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: रविन्‍द्र सिंह

Gwalior : ग्राम केदारपुर की 3.843 हेक्टेयर भूमि पर आवासीय भू-खंडीय विकास के लिए जारी की गई अनुमति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग (टीएनसीपी) ने तीन प्रमुख बिल्डर समूहों को कारण बताओ नोटिस थमाया है। विभाग ने संबंधित पक्षों को सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है और समय पर जवाब न मिलने पर मध्य प्रदेश भूमि विकास नियम 2012 के नियम 25 के अंतर्गत कार्रवाई की चेतावनी दी है।

किन बिल्डरों को मिली थी विकास अनुज्ञा और किसने की शिकायत

Gwalior टीएनसीपी संयुक्त संचालक कार्यालय के नोटिस क्रमांक जीडब्लूएल 16012549186 के मुताबिक, ग्राम केदारपुर के सर्वे क्रमांक 55/2, 55/4, 56, 57/3, 57/1 तथा 60/2/3 की कुल 3.843 हेक्टेयर जमीन पर 14 फरवरी 2025 के पत्र के माध्यम से आवासीय विकास की स्वीकृति दी गई थी। यह अनुमति तिरूपति बिल्डर्स के साझेदार रीतेश गुप्ता व मयंक गर्ग, विनम्र रियल्टी प्रा.लि. की डायरेक्टर कमला शिवहरे और कृष्णा ग्रीन पार्क के साझेदार राज कुमार कुकरेजा, रमेश चंद चौरसिया व आदित्य गुप्ता को जारी हुई थी। इसके विरुद्ध गीता कॉलोनी निवासी अरविन्द अग्रवाल ने 16 नवंबर 2026 को विभाग में शिकायत दाखिल कर तीन गंभीर बिंदु उठाए हैं।

कोर्ट के स्टे ऑर्डर और हाईकोर्ट के निर्देशों की अनदेखी का आरोप

Gwalior शिकायत में पहला आरोप लगाया गया है कि संबंधित जमीन को लेकर मारुतिनंदन एडिफाईस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा षष्ठम जिला न्यायाधीश की अदालत में सिविल वाद क्रमांक 735/2024 दायर है, जिस पर कोर्ट ने 14 अगस्त 2025 को अस्थाई निषेधाज्ञा जारी कर भूमि बिक्री पर रोक लगाई थी, लेकिन अनुमति लेते समय यह तथ्य छुपाया गया।

दूसरे आरोप में कहा गया है कि उच्च न्यायालय ने एम.ए. क्रमांक 4918/2022 में 3 दिसंबर 2024 को 1/5 हिस्से की बिक्री और यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था; पक्षकारों में विधिवत बंटवारा न होने के बावजूद विक्रय पत्र के आधार पर अनुज्ञा हासिल कर ली गई। इसके अलावा तीसरे बिंदु में सर्वे क्रमांक 51/7/क पर भी न्यायालय का स्थगन आदेश होने के बावजूद उसे निर्विवाद स्वामित्व की भूमि दर्शाकर अनुमति लेने की बात कही गई है।

बुधवार को पूरी हो रही जवाब देने की मियाद

Gwalior मामले पर टीएनसीपी के संयुक्त संचालक केएस गवली ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित बिल्डर समूहों को शिकायत की प्रति संलग्न करते हुए नोटिस जारी किया गया है। स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए दी गई सात दिन की समय-सीमा बुधवार को समाप्त हो रही है। यदि तय अवधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होता है, तो विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।

ये भी पढ़े: मुरैना में समारोह के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में फायरिंग का आरोप