VHP Hit Chintak Abhiyan विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने देशभर में अपने संगठन का विस्तार करने और समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने के लिए एक विशाल राष्ट्रव्यापी सदस्यता मुहिम ‘हित चिंतक अभियान’ का आगाज किया है। आगामी 6 दिसंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान के माध्यम से संगठन ने पूरे भारत में 5 करोड़ से अधिक ‘हित चिंतक’ तैयार करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस कड़ी में महाराष्ट्र के विदर्भ प्रांत से 11 लाख और अकेले नागपुर शहर व ग्रामीण क्षेत्र से 1 लाख सदस्य बनाने की योजना है। विदर्भ क्षेत्र के विहिप महामंत्री प्रशांत तितरे के अनुसार, परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता घर-घर जाकर नागरिकों को संगठन की विचारधारा से जोड़ रहे हैं।
विदर्भ के 12,500 गांवों में रोजाना 8 घंटे जनसंपर्क
VHP Hit Chintak Abhiyan:इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए जमीनी स्तर पर व्यापक रणनीति तैयार की गई है। अकेले विदर्भ प्रांत के 12,500 गांवों, हर जिले और प्रत्येक बस्ती तक पहुंचने के लिए करीब 3,500 कार्यकर्ता मैदान में उतरे हैं। ये कार्यकर्ता प्रतिदिन सुबह 4 घंटे और शाम को 4 घंटे यानी कुल 8 घंटे घर-घर जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। संगठन के नियमों के मुताबिक, 15 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी महिला, पुरुष या युवा इस मुहिम का हिस्सा बनकर विहिप से जुड़ सकता है।
दुर्गम इलाकों और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए विशेष रोडमैप
VHP Hit Chintak Abhiyan:विहिप महामंत्री प्रशांत तितरे ने स्पष्ट किया कि सनातन संस्कृति और परिषद के सिद्धांतों में आस्था रखने वाला कोई भी नागरिक इस अभियान से जुड़ सकता है। संगठन का प्रयास देश के अंतिम छोर पर बसे गांव तक पहुंचने का है। इसके तहत कश्मीर घाटी, मणिपुर और पूर्वोत्तर भारत के दुर्गम व दूरदराज के क्षेत्रों में सदस्यता बढ़ाने के लिए एक अलग रोडमैप बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व अगस्त माह में भी संगठन ने देशभर के 3.5 लाख गांवों में साधु-संतों के प्रवास का कार्यक्रम तय किया था।
20 रुपये सहयोग राशि और अभियान के प्रमुख उद्देश्य
VHP Hit Chintak Abhiyan:इस जनसंपर्क अभियान के जरिए समाज के विभिन्न तबकों को परिषद के सेवा कार्यों और सामाजिक गतिविधियों से अवगत कराया जा रहा है। अभियान के मुख्य उद्देश्यों में हिंदू समाज को संगठित करना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना, भारतीय संस्कृति व परंपराओं का संवर्धन, गो-रक्षा एवं गो-सेवा तथा धर्मांतरण के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाना शामिल है। संगठन की सदस्यता ग्रहण करने वाले इच्छुक नागरिकों से 20 रुपये का न्यूनतम शुल्क लिया जा रहा है। पदाधिकारियों का कहना है कि किसी भी राजनीतिक दल, पंथ या विचारधारा से जुड़ा सनातनी व्यक्ति इस अभियान के तहत विश्व हिंदू परिषद का हित चिंतक बन सकता है।
