AurangabadAurangabad
Spread the love

रिपोर्टर: दीनानाथ मौआर

Aurangabad Dhava River Incident : बिहार के औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ कासमा थाना क्षेत्र के अरथुआ गांव के पास धावा नदी में एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ छलांग लगा दी। इस दुखद हादसे में मां और दोनों बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Aurangabad Dhava River Incident घरेलू कलह और प्रताड़ना के बाद उठाया आत्मघाती कदम

मृतकों की पहचान अरथुआ गांव निवासी पिंटू चंद्रवंशी की 30 वर्षीय पत्नी सोनी देवी, उनकी 3 वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी और महज 18 महीने की दुधमुंही बच्ची रानी कुमारी के रूप में हुई है। मृतिका की फुआ कुसमी देवी ने बताया कि सोनी देवी ने साल 2018 में प्रेम विवाह (Love Marriage) किया था। लेकिन शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। परिजनों के मुताबिक, घटना की सुबह भी पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई थी, जिससे तंग आकर सोनी ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

Aurangabad Dhava River Incident पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया, पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलते ही रफीगंज के अंचल अधिकारी (CO) भारतेंदु सिंह और कासमा थानाध्यक्ष अक्षयवर सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला गया। कासमा थानाध्यक्ष ने बताया कि शुरुआती जांच में पति से अनबन और घरेलू कलह के कारण आत्महत्या की बात सामने आ रही है। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

Aurangabad Dhava River Incident अवैध खनन के कारण गहरे गड्ढे बने काल, विधायक ने लिया जायजा

इस हृदयविदारक हादसे की सूचना मिलते ही रफीगंज के विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया और पीड़ित परिवार ढांढस बंधाया। पत्रकारों से बात करते हुए विधायक ने धावा नदी में हो रहे अवैध बालू उत्खनन (माइनिंग) पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अत्यधिक खनन के कारण नदी में खतरनाक और गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो लगातार लोगों के लिए काल साबित हो रहे हैं। इस जगह पर पहले भी तीन लोगों की डूबने से जान जा चुकी है। अंचल अधिकारी भारतेंदु सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि नदी से अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े: Jamtara Cyber Criminals Arrested: जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन शातिर साइबर अपराधी गिरफ्तार, छह मोबाइल और चार सिम कार्ड बरामद