रिपोर्टर: अविनाश श्रीवास्तव
Sasaram : कैमूर पहाड़ी की गुफा में स्थित ऐतिहासिक और प्राचीन गुप्ता धाम मंदिर से तीन देवी-देवताओं की बेशकीमती मूर्तियां चोरी होने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है। मंदिर के पुजारी के अनुसार, चोरों ने अष्टधातु से निर्मित पंचमुखी गणेश जी, माता लक्ष्मी और देवी दुर्गा की प्रतिमाओं पर हाथ साफ किया है। हालांकि, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की भौतिक जांच और सत्यापन पूरा होने के बाद ही चोरी की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
खराब मौसम और दुर्गम इलाके के कारण देरी से सामने आई घटना
Sasaram मंदिर के महंत राजबली सिंह ने जानकारी दी कि यह वारदात 20 नवंबर की रात को हुई थी। उस समय गुफा मंदिर परिसर में पुजारी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। दुर्भाग्यवश, घटना के ठीक बाद इलाके में लगातार तीन दिनों तक मूसलाधार बारिश होती रही। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने और मोबाइल नेटवर्क व इंटरनेट सुविधा न होने के कारण पुजारी तत्काल किसी से संपर्क नहीं कर सके और न ही पहाड़ी से नीचे उतर पाए। मौसम साफ होने पर 24 नवंबर को वे किसी तरह उगहनी ओपी पहुंचे और पुलिस को मामले की मौखिक जानकारी दी।
सूचना के पांच दिन बाद मंदिर पहुंची पुलिस टीम
Sasaram पुजारी के मुताबिक, इन दिनों श्रद्धालुओं की आवाजाही कम रहने और बारिश से रास्ते बाधित होने के कारण किसी को घटना की भनक नहीं लग सकी। शिकायत मिलने के बाद 29 नवंबर को उगहनी थाना की पुलिस टीम जांच के लिए गुप्ता धाम मंदिर पहुंची, जिसके बाद यह मामला सार्वजनिक हुआ। उल्लेखनीय है कि इसी दिन (20 नवंबर को) दिनारा स्थित प्रसिद्ध भलुनी भवानी देवी मंदिर में भी चोरी की वारदात हुई थी।
सत्यापन के बाद ही होगी पुष्टि: एसडीपीओ
Sasaram इस संवेदनशील मामले पर सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने फोन पर बातचीत में स्पष्ट किया कि पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक वे स्वयं घटनास्थल पर जाकर पूरे मामले का सत्यापन नहीं कर लेते, तब तक चोरी की इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती।




