Koderma Infant Death: झारखंड के कोडरमा जिले में टीकाकरण के महज एक दिन बाद एक महीने आठ दिन के नवजात शिशु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। यह मामला डोमचांच प्रखंड अंतर्गत महथाडीह आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ा है। बच्चे की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को डोमचांच स्थित शहीद चौक पर कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया।
मां की आपत्ति के बावजूद चार टीके लगाने का आरोप
Koderma Infant Death: मृतक नवजात के परिवार वालों ने स्वास्थ्य कर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। बच्चे की मां का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र में तैनात एएनएम (ANM) ने उनकी आपत्ति के बावजूद शिशु को एक साथ चार टीके लगा दिए। परिजनों के अनुसार, टीका लगने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ी और अगले ही दिन उसकी मृत्यु हो गई।
दो घंटे तक थमा रहा कोडरमा-गिरिडीह मार्ग, जांच के भरोसे के बाद हटा जाम
Koderma Infant Death: नवजात की मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने दोषी स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई व पूरे मामले की जांच की मांग को लेकर सड़क पर धरना दे दिया। करीब दो घंटे तक चले इस चक्का जाम के चलते कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित रहा। बाद में प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया और मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके पश्चात जाम समाप्त किया गया।



