RaipurRaipur
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Raipur : छत्तीसगढ़ के चर्चित 1280 करोड़ रुपये के शराब घोटाले की जांच में एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले के प्रमुख आरोपी और कथित वित्तीय समन्वयक विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत वापस लाया गया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने 27 नवंबर 2026 को आधिकारिक विज्ञप्ति के जरिए इस प्रत्यर्पण की पुष्टि की। यह पूरी कार्रवाई विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के आपसी तालमेल से सफल हो सकी।

सिंडिकेट के वित्तीय लेन-देन और कमीशन का आरोप

Raipur जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल वर्ष 2019 से 2022 के दौरान शराब वितरण व्यवस्था में अनियमितता करने वाले संगठित गिरोह का मुख्य वित्तीय प्रबंधन संभालता था। इस घोटाले के कारण सरकारी खजाने को 1280 करोड़ रुपये से ज्यादा की चपत लगने का आरोप है। विकास पर डिस्टिलरियों से अवैध कमीशन जुटाने, उसे अधिकारियों व अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने और काली कमाई को विभिन्न कंपनियों व वित्तीय चैनलों के जरिए छिपाने में सहयोग करने के गंभीर आरोप हैं।

रेड कॉर्नर नोटिस के बाद यूएई में हुई गिरफ्तारी

Raipur विकास अग्रवाल के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पुलिस ने आईपीसी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कर नवंबर 2024 में ही अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर दिया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। छत्तीसगढ़ पुलिस की मांग पर एनसीबी नई दिल्ली ने इंटरपोल के जरिए उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया। इसके आधार पर यूएई प्रशासन ने उसे ट्रैक कर हिरासत में लिया और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भारत प्रत्यर्पण की स्वीकृति दी।

दुबई एयरपोर्ट से मुंबई पहुंची टीम, इंटरपोल समन्वय से मिली सफलता

Raipur प्रत्यर्पण प्रक्रिया के अंतर्गत दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आरोपी को छत्तीसगढ़ पुलिस की एस्कॉर्ट टीम के सुपुर्द किया गया, जिसके बाद टीम 27 नवंबर 2026 को उसे लेकर मुंबई एयरपोर्ट पहुंची। अब उसे आगे की न्यायिक कार्यवाही के लिए संबंधित जांच एजेंसियों के समक्ष पेश किया जाएगा। सीबीआई ने जानकारी दी कि वह ‘भारतपोल’ (BHARATPOL) के माध्यम से देश की एजेंसियों और इंटरपोल के बीच कड़ी के रूप में काम करती है, जिसके तहत साल 2019 से अब तक 300 से अधिक वांछित अपराधियों (जिनमें वर्ष 2026 के 78 भगोड़े शामिल हैं) को विदेश से वापस लाया जा चुका है।

ये भी पढ़े: स्वामित्व योजना में ढिलाई पर दतिया में पटवारी निलंबित, भांडेर रहेगा मुख्यालय