UP IPS Transfer News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। राज्य सरकार ने महकमे में तबादलों के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। नए आदेश के तहत प्रशांत कुमार को आगरा जोन का नया अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) बनाया गया है।
एसके भगत को हटाकर लखनऊ मुख्यालय भेजा गया
UP IPS Transfer News:शासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों के अनुसार, 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी एसके भगत को आगरा जोन के एडीजी पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। उन्हें अब लखनऊ स्थित पुलिस महानिदेशक (DGP) मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। वहीं, 2000 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रशांत कुमार, जो अब तक उत्तर प्रदेश में एडीजी (प्रशासन) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें आगरा जोन की महत्वपूर्ण कमान सौंपी गई है।
शुक्रवार को 28 आईपीएस अफसरों का हुआ था तबादला
UP IPS Transfer News:ताजा आदेश से ठीक एक दिन पहले यानी शुक्रवार को भी योगी सरकार ने पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर सर्जरी करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए थे। इस सूची में कई बड़े शहरों के पुलिस कमिश्नर और जोन प्रमुख शामिल थे:
- नोएडा और गाजियाबाद: गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर (नोएडा) का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं, पिछले चार वर्षों से नोएडा की कमान संभाल रहीं लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
- लखनऊ और बरेली जोन: लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है, जबकि बरेली जोन के एडीजी रहे रमित शर्मा को लखनऊ जोन की जिम्मेदारी दी गई है।
- रेंज स्तर पर बदलाव: लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है और अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ रेंज में नई तैनाती मिली है।
प्रयागराज और वाराणसी के पुलिस कमिश्नर भी बदले
UP IPS Transfer News:प्रशासनिक फेरबदल की इस कड़ी में प्रयागराज और वाराणसी की पुलिस व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को अब प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। दूसरी ओर, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को उत्तर प्रदेश का नया एडीजी (स्थापना) नियुक्त किया गया है।
चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी
UP IPS Transfer News: प्रशासनिक गलियारों में इन तबादलों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। शासन की मंशा है कि चुनाव से पहले राज्य की कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सक्रिय और पारदर्शी बनाया जाए। विभागीय सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में पुलिस महकमे में कुछ और तबादले देखने को मिल सकते हैं।




