Akhilesh Yadav:उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के संभावित गठबंधन को लेकर सीटों के तालमेल का मुद्दा गरमा गया है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दोनों ही दल अधिक से अधिक सीटों पर दावा ठोक रहे हैं। इस बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीट शेयरिंग पर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि फिलहाल बातचीत जारी है और सीटों की अंतिम संख्या को लेकर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि गठबंधन का उद्देश्य जीत हासिल करना होता है और जीत दर्ज करने के लिए सहयोगी दलों को आपसी एडजस्टमेंट भी करना पड़ता है।
सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव पर बढ़ा घमासान
Akhilesh Yadav:राजधानी दिल्ली में आज सपा और कांग्रेस नेताओं के बीच सीट बंटवारे को लेकर हुई बैठक के बाद सीटों पर खींचतान की खबरें सामने आई हैं। सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को केवल 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जिसमें वर्ष 2022 के चुनाव में कांग्रेस द्वारा जीती गई 2 सीटें और दूसरे स्थान पर रही 4 सीटें भी सम्मिलित हैं। सपा के वरिष्ठ सांसद रामगोपाल यादव ने भी तर्क दिया है कि प्रस्तावित कई सीटों पर सपा का वोट प्रतिशत कांग्रेस से अधिक रहा है, इसके बावजूद पार्टी उन्हें सीटें देने को तैयार है।
126 से अधिक सीटों पर अड़ी कांग्रेस, 67 सीटों पर समझौता नहीं
Akhilesh Yadav:दूसरी ओर, कांग्रेस खेमे ने सपा के 26 सीटों के ऑफर को सिरे से खारिज कर दिया है। कांग्रेस 126 से ज्यादा सीटों की मांग पर अड़ी हुई है। पार्टी ने अपनी दावेदारी वाली सीटों को दो श्रेणियों में बांटा है—46 सीटों को ‘ए’ श्रेणी और 21 सीटों को ‘बी’ श्रेणी में रखा गया है। कांग्रेस का कहना है कि वह इन 67 सीटों पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी, जबकि शेष लगभग 64 से 65 सीटों पर लचीला रुख अपनाने को तैयार है। इससे पहले भी कांग्रेस द्वारा 120 सीटों की सूची सौंपे जाने और रायबरेली व अमेठी की सभी सीटों पर दावा करने की चर्चाएं तेज रही हैं।
प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई थी प्रारंभिक चर्चा
Akhilesh Yadav:सीट शेयरिंग को लेकर इससे पहले सोमवार को भी दोनों दलों के शीर्ष नेताओं के बीच विचार-विमर्श हुआ था। यह बैठक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर आयोजित की गई थी, जिसमें आगामी रणनीति और सीटों के गणित पर मंथन किया गया।
जिताऊ उम्मीदवार के लिए डेटा एनालिटिक्स का सहारा
Akhilesh Yadav:कांग्रेस के साथ सीटों के तालमेल की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए अखिलेश यादव ने चार सदस्यीय समिति गठित की थी। इस कमेटी में सांसद रामगोपाल यादव, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन को शामिल किया गया है। अखिलेश यादव पहले ही यह रुख स्पष्ट कर चुके हैं कि हर सीट पर उसी दल या उम्मीदवार को प्राथमिकता मिलेगी, जिसकी जीत की संभावना सबसे अधिक होगी। इसके लिए समाजवादी पार्टी इस बार मजबूत और जिताऊ प्रत्याशियों के चयन में डेटा एनालिस्ट्स की विशेषज्ञता का भी उपयोग कर रही है।

