Indian Railways:उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भारतीय रेलवे के कर्मचारियों ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए एक विदेशी पर्यटक का दिल जीत लिया। बीते 20 नवंबर को नई दिल्ली से बनारस आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22416) में सिंगापुर के नागरिक लिम वेंग शांग का कीमती काला बैग छूट गया था, जिसे रेल कर्मियों ने सुरक्षित बरामद कर पूरी नकदी के साथ उन्हें वापस सौंप दिया।
यार्ड में सफाई के दौरान मिला लावारिस बैग
Indian Railways:जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन रात लगभग 11 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंची थी। सभी यात्रियों के उतर जाने के बाद जब रैक को रखरखाव (मेंटेनेंस) के लिए यार्ड में ले जाया गया, तो वहां साफ-सफाई कर रहे एक रेल कर्मचारी को सीट के पास एक काला बैग रखा दिखाई दिया। कर्मचारी ने बिना किसी लालच के तत्काल निर्धारित प्रक्रिया के तहत इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी।
बैग में भरी थी कई देशों की विदेशी और भारतीय मुद्रा
Indian Railways:सूचना मिलते ही सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे और बैग को अपने कब्जे में लेकर थाने लाए। थाने में पूरी पारदर्शिता के साथ वीडियोग्राफी कराते हुए बैग खोला गया और नकदी की गिनती की गई। बैग के अंदर से 2 लाख 11 हजार 650 रुपये की भारतीय मुद्रा के साथ-साथ 1,000 अमेरिकी डॉलर, 1 लाख 22 हजार श्रीलंकाई रुपये और 66 सिंगापुर डॉलर बरामद हुए, जिन्हें गिनती के बाद सील कर सुरक्षित रख दिया गया।
सत्यापन के बाद लौटाया बैग, कर्मियों को मिलेगा पुरस्कार
Indian Railways:स्टेशन मास्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि अगली सुबह बैग के वास्तविक स्वामी लिम वेंग शांग अपने स्थानीय टूरिस्ट गाइड के साथ वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचे। रेल प्रशासन ने पहले उनकी पहचान का सत्यापन किया, उनका बयान दर्ज किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पुष्टि की। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पूरी धनराशि समेत बैग उन्हें ससम्मान सुपुर्द कर दिया गया। स्टेशन मास्टर ने कहा कि इस सराहनीय कार्य में शामिल रेल कर्मियों को पुरस्कृत करने के लिए उच्च अधिकारियों से सिफारिश की जाएगी।
बौद्ध तीर्थ यात्रा पर भारत आए हैं सिंगापुर के नागरिक
Indian Railways:अपनी खोई हुई पूंजी वापस पाकर लिम वेंग शांग बेहद भावुक और प्रसन्न दिखे। उन्होंने बताया कि वे महायान संप्रदाय से जुड़े हैं और भारत में बौद्ध तीर्थ स्थलों की यात्रा पर आए हैं। उन्होंने कहा कि बैग छूटने का एहसास होने पर जब उन्होंने मदद मांगी, तो पता चला कि उनका सामान ट्रेन में ही सुरक्षित मिल गया है। शांग के अनुसार, यह धनराशि भारत में उनके आगामी बौद्ध आयोजनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण थी। उन्होंने रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए सभी के सुख और उत्तम स्वास्थ्य के लिए भगवान बुद्ध से प्रार्थना की।

