रिपोर्टर: रंजीत सिंह
Bhopal MP : मध्य प्रदेश सरकार में मंत्रियों के निजी स्टाफ से जुड़े विवादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के पूर्व ओएसडी दीपम रायचुरा के बाद अब स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह के पूर्व विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) वीरेंद्र तिवारी गंभीर आरोपों में घिर गए हैं। उन पर मंत्री के नाम का इस्तेमाल कर आर्थिक लेन-देन करने और तीन महिलाओं के साथ संबंध रखने जैसे सनसनीखेज आरोप लगे हैं। मामला सामने आने के बाद मंत्री ने उनके सरकारी बंगले में प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
मंत्री के नाम का दुरुपयोग और आर्थिक लेन-देन का आरोप
Bhopal MP वीरेंद्र तिवारी पूर्व में मंत्री उदय प्रताप सिंह के ओएसडी के तौर पर पदस्थ थे। हालांकि, करीब दो महीने पहले पदोन्नति मिलने के बाद उनकी सेवाएं उनके मूल विभाग में वापस भेज दी गई थीं, लेकिन इसके बावजूद वे मंत्री से जुड़े कामकाज देख रहे थे। आरोप है कि वे मंत्री के नाम पर पैसों का लेन-देन कर रहे थे। विवाद बढ़ने के बाद मंत्री स्टाफ ने पुष्टि की है कि दीपावली के बाद से तिवारी सरकारी बंगले पर नहीं आ रहे हैं, हालांकि उनके छुट्टी पर होने की बात भी कही जा रही है।
खुद को पत्नी बताने वाली महिला की शिकायत से गहराया विवाद
Bhopal MP इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब एक महिला भोपाल स्थित मंत्री के सरकारी बंगले पर शिकायत लेकर पहुंची। खुद को वीरेंद्र तिवारी की पत्नी बताते हुए महिला ने आरोप लगाया कि तिवारी के उसके अलावा भोपाल और ग्वालियर में रहने वाली दो अन्य महिलाओं से भी संबंध हैं, जिनसे उनके बच्चे भी हैं। महिला का यह भी आरोप है कि तिवारी अपने पद और रसूख का इस्तेमाल कर उसे चुप कराते रहे और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। बताया जा रहा है कि मंत्री ने अपने स्तर पर इन आरोपों की जानकारी जुटाई, जिसके बाद तिवारी की बंगले में एंट्री बंद कर दी गई।
दैनिक वेतनभोगी से ओएसडी तक का सफर और पहले भी हो चुकी कार्रवाई
Bhopal MP मूल रूप से नगरीय विकास एवं आवास विभाग के कर्मचारी रहे वीरेंद्र तिवारी ने साल 2008 तक दैनिक वेतनभोगी के रूप में काम किया और बाद में नियमित होकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) भी रहे। मार्च 2024 में प्रतिनियुक्ति के जरिए उन्हें मंत्री उदय प्रताप सिंह का ओएसडी बनाया गया था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी राज्य सरकार में डिप्टी सीएम के पूर्व ओएसडी दीपम रायचुरा (शराब दुकान आवंटन विवाद) और कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना के स्टाफ (तबादला लेन-देन वीडियो वायरल) पर सख्त कार्रवाई की जा चुकी है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वीरेंद्र तिवारी के खिलाफ कोई औपचारिक विभागीय जांच शुरू होती है या मामला सिर्फ बंगले में प्रवेश रोकने तक ही सीमित रहता है।
ये भी पढ़े: शेखपुरा में लोक आस्था के महापर्व की धूम: सज-धज कर तैयार हुए छठ घाट, रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया शहर

