रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Gwalior : पिंटो पार्क इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार दोपहर हुए भीषण ऑक्सीजन टैंकर विस्फोट का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आ गया है। चंद सेकंड के इस वीडियो में धमाके की भयावह तीव्रता और उसके बाद का खौफनाक मंजर साफ तौर पर देखा जा सकता है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री की बाउंड्रीवॉल ढह गई और आसपास लगे पेड़ उखड़ गए। तेज आवाज सुनते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर मौजूद मवेशी भी दहशत के मारे इधर-उधर भागते नजर आए।

दो किलोमीटर दूर तक गूंजी धमाके की आवाज, कारों और घरों के कांच टूटे
Gwalior यह घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिंटो पार्क औद्योगिक क्षेत्र में स्थित शिवा कंप्रेस्ड एयर प्रोडक्ट फैक्ट्री की है, जहां परिसर में खड़े एक ट्रक के ऑक्सीजन कैप्सूल टैंकर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की गूंज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के दबाव से फैक्ट्री परिसर के अलावा आसपास खड़ी कई कारों के शीशे चकनाचूर हो गए और नजदीकी घरों की खिड़कियों के कांच भी टूट गए।
छुट्टी होने के कारण टली बड़ी जनहानि
Gwalior राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि जिस समय यह भयानक हादसा हुआ, उस दिन फैक्ट्री में अवकाश था। कर्मचारी मौजूद न होने के कारण इतना बड़ा विस्फोट होने के बावजूद किसी की जान नहीं गई और एक बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि, इस दुर्घटना में फैक्ट्री की संपत्ति और आसपास के क्षेत्र में भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।
विस्फोट के कारणों की जांच जारी, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
Gwalior फिलहाल ऑक्सीजन टैंकर में विस्फोट होने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन सामने आए सीसीटीवी वीडियो से हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों और गैस टैंकरों के नियमित रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है ताकि विस्फोट की असली वजह स्पष्ट हो सके।
ये भी पढ़े: मध्य प्रदेश के खरगोन में भूकंप के झटके: 5 सेकंड तक हिली धरती, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

