रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल
Morena : मध्य प्रदेश के मुरैना शहर में कॉलेज के छात्रों के बीच आपसी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया है। श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज की बस को बीच रास्ते में रोककर न सिर्फ छात्रों के साथ मारपीट की गई, बल्कि बस पर जमकर पथराव भी किया गया। इस दुस्साहसिक घटना के बाद छात्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है और पीड़ित छात्र थाने पहुंचकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कॉलेज परिसर में हुए विवाद के बाद रंजिश बनी हमले की वजह
Morena प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज में पढ़ने वाले मुरैना और धौलपुर के इंजीनियरिंग छात्रों के बीच कुछ समय पहले किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी और विवाद हुआ था। इसी पुरानी खुन्नस को निकालने के लिए बुधवार की सुबह धौलपुर से छात्रों को लेकर कॉलेज आ रही बस को निशाना बनाया गया।
बैरियर चौराहे के ओवरब्रिज पर दिया गया वारदात को अंजाम
Morena धौलपुर से आ रही बस जैसे ही मुरैना के बैरियर चौराहे के पास स्थित ओवरब्रिज पर पहुँची, घात लगाए बैठे 4 से 5 उपद्रवियों ने उसे बीच रास्ते में रुकवा लिया। बस के रुकते ही हमलावरों ने अंदर बैठे छात्रों के साथ मारपीट शुरू कर दी और वाहन पर पत्थर बरसाने लगे। इस अचानक हुए हमले से बस में सवार छात्रों में अफरा-तफरी मच गई, और घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी आसानी से मौके से फरार हो गए।
आक्रोशित छात्र पहुंचे कोतवाली थाना, पुलिस कार्रवाई का इंतजार
Morena इस सनसनीखेज वारदात से गुस्साए छात्र तुरंत एकजुट होकर कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। छात्र हमलावरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
ये भी पढ़े: मैथन डैम में सोलर प्रोजेक्ट का जोरदार विरोध: पारंपरिक हथियारों के साथ उतरे विस्थापितों ने ठप कराया काम

