रिपोर्टर: संजय राठौर
Dewas : मध्य प्रदेश के देवास जिले में शराब माफिया के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब खाकी भी सुरक्षित नजर नहीं आ रही है। खातेगांव थाना क्षेत्र में अवैध शराब से भरी गाड़ी को रोकने पहुंचे थाना प्रभारी (TI) दिलीप पूरी को तस्करों ने वाहन से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल टीआई की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
हाईवे पर घेराबंदी के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
Dewas रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक आयशर वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीआई दिलीप पूरी अपनी टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर पहुंचे। नेमावर पुलिस और खातेगांव पुलिस ने हाईवे के किनारे खड़े संदिग्ध वाहन को घेरा। जब टीआई ने चालक को नीचे उतरने का निर्देश दिया, तो आरोपी ने भागने की नीयत से वाहन को सीधे टीआई के ऊपर चढ़ा दिया।
संदलपुर में गाड़ी छोड़ भागा चालक, पुलिस ने की जब्ती
Dewas हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन को डिवाइडर के दूसरी तरफ चढ़ाकर संदलपुर की ओर ले गया और गाड़ी को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश में बड़े पैमाने पर दबिश दी जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही देवास एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी तड़के ही मौके पर पहुंचे।
जहरीली शराब से 13 मौतों के बाद बढ़ा प्रशासनिक हड़कंप
Dewas देवास जिले में अवैध और मिलावटी शराब का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले चंदाना और बिंजाना गांव में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की असमय जान चली गई थी। उस घटना के बाद जिला कलेक्टर, एसपी और आबकारी अधिकारियों पर गाज गिरी थी। अब कर्तव्य पर तैनात थाना प्रभारी की इस तरह हुई मौत से पुलिस विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
ये भी पढे: किरेन रिजिजू का कांग्रेस पर तंज: रामलीला मैदान की ‘फर्जी AI फोटो’ को लेकर साधा निशाना

